तीन युवकों ने घर में घुसकर किशोरी से की दरिंदगी
तीनों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट, एक हिरासत में
एक युवक की मंगलवार को जाने थी बारात, पहुंचा हवालात
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं।
तीन युवकों ने घर में घुसकर किशोरी से दुष्कर्म किया। आरोपियों में साले-बहनोई और तीसरा दोस्त है। एक आरोपी की मंगलवार को बारात जाने वाली थी, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पीड़ित की ओर से पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
यह घटना रविवार रात उसहैत थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई। वहां की रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी और उसकी भाभी घर में थीं। परिवार के बाकी लोग रिश्तेदारी में एक शादी समारोह में गए थे। आरोप है कि विपिन, उसका दोस्त ननकू और उसका साला शाहजहांपुर के कलान थाना क्षेत्र के नौगवां गांव निवासी सुधीर ने रात को घर में घुसकर किशोरी को दबोच लिया और दुष्कर्म किया। किशोरी की चीख सुनकर उसकी भाभी मौके पर पहुंची तो आरोपी भाग गए। सोमवार को रिश्तेदारी से लौटने पर परिवार वालों को घटना की जानकारी दी गई। परिवार वाले पीड़ित किशोरी को लेकर उसहैत थाने गए। उनकी तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
आरोपी विवेक की शादी का रिश्ता तय हो चुका है। मंगलवार को उसकी बारात जाना तय थी। इससे पहले सोमवार को उसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया। बाकी दोनों आरोपियों की तलाश जारी है।