बदायूं। दातागंज तिराहे के पास केनरा बैंक की एटीएम काटने के मामले में एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी ने बुधवार को जवाहरपुरी चौकी इंचार्ज समेत तीन पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया। एसएसपी ने इसमें तीनों की लापरवाही मानी है। उनके मुताबिक, अगर उस रात वे गश्त कर रहे होते तो शायद चोरी की कोशिश की वारदात नहीं होती।
इस घटना को चोरों ने सोमवार रात अंजाम दिया था। उस रात सिविल लाइंस थाने की जवाहरपुरी चौकी पर तैनात सिपाही नीरज कुमार और रिक्रूट सुधाकर सिंह गश्त पर थे। दोनों की चीता मोबाइल नौ पर ड्यूटी थी। रात करीब एक बजे से चोरों ने केनरा बैंक की एटीएम काटनी शुरू की थी। रात दो बजे तक चोर एटीएम काटते रहे, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। वह एटीएम क्षतिग्रस्त करके फरार हो गए।
एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी ने प्रथम दृष्टतया दोनों सिपाहियों की लापरवाही मानी थी, फिर भी उन्होंने जांच कराना उचित समझा था। मामले की तह तक पहुंचने के बाद बुधवार को दोनों सिपाही नीरज कुमार और सुधाकर सिंह को निलंबित कर दिया गया। उनके अलावा इस मामले में जवाहरपुरी चौकी इंचार्ज वृक्षपाल सिंह को भी निलंबित किया गया है। एसएसपी ने कहा कि वह रात्रि गश्त के प्रति लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेंगे। अगर किसी की लापरवाही पाई गई तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
‘व्यवस्था करवाने’ वाला दरोगा निलंबित
बदायूं। एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी ने मूसाझाग थाने में तैनात दरोगा इंद्रदेव को भी निलंबित कर दिया है। बताते हैं कि दो दिन पहले दरोगा इंद्रदेव का एक ऑडियो वायरल हुआ था, जिसमें दरोगा पीड़ित से कह रहा है कि वह ‘व्यवस्था करे’ नहीं तो आरोपी छूट जाएगा, फिर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हो पाएगी। दरअसल पीड़ित को एक व्यक्ति ने चाकू लेकर दौड़ा दिया था। पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया था, जिसके खिलाफ पीड़ित ने तहरीर दी थी। उसी पीड़ित को दरोगा ने फोन किया था और उससे व्यवस्था कराने की बात कही थी। रिकॉर्डिंग वायरल होने पर एसएसपी ने पूरे मामले की छानबीन की। उसके बाद दरोगा को निलंबित कर दिया गया।