गला घोंटकर की गई थी बच्ची की हत्या
बदायूं। चार साल की बच्ची को गला घोंटकर मारा गया था। पोस्टमार्टम के दौरान इसकी पुष्टि हुई है पर जांच में प्रथम दृष्टया दुष्कर्म के पुष्टि नहीं हुई है। न ही उसके प्राईवेट पार्ट्स पर किसी प्रकार की चोट पाई गई है। हालांकि डॉक्टरों की टीम ने जांच के लिए स्लाइड बनाई है।
शनिवार शाम चार साल की बच्ची का बिल्सी थाना क्षेत्र में एक बाजरे के खेत में अर्धनग्न हालत में शव पड़ा मिला था। बच्ची संभल जिले के गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली थी। वह पांच नवंबर को अपनी मां के साथ ननिहाल आई थी। उसके अगले दिन छह नवंबर को बच्ची ननिहाल में घर के बाहर खेल रही थी तभी उसे अगवा कर लिया गया था। शनिवार को जिस हालत में बच्ची का शव बरामद हुआ था। इससे पुलिस और परिवार वाले बच्ची से दुष्कर्म की आशंका जता रहे थे। रविवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर पुलिस की जांच की दिशा ही बदल गई। तीन डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक बच्ची के प्राइवेट पार्ट्स पर कोई चोट के निशान नहीं मिले हैं और न ही प्रथम दृष्टया दुष्कर्म के निशान मिले। उसकी हत्या दम घुटने से हुई थी। इस पर कई सवाल उठने लगे हैं, वहीं माना जा रहा है कि हत्यारे का मकसद सिर्फ बच्ची की हत्या करना था। चूंकि बच्ची ननिहाल आई थी, तो उसकी किसी से रंजिश भी नहीं थी और न ही कोई जमीनी, घरेलू, रुपये पैसे का विवाद था। ऐसे में पुलिस का शक किसी ऐसे अपने व्यक्ति पर जा रहा है, जिसके चलते बच्ची उसके बीच रोड़ा बन रही थी या फिर उसे बच्ची से खतरा महसूस हो रहा था।
-----------------
पुलिस खंगाल रही लापता लोगों की कुंडली
बिल्सी (बदायूं)। हत्या के बाद बाजरे के खेत में डाले गए बच्ची के शव के मामले में अब तक पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। एसएसपी अशोक कुमार के आदेश पर पुलिस ने ऐसे लोगों की कुंडली खंगालनी शुरू कर दी है, जो घटना वाले दिन से लापता हैं। साथ ही लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। एसएसपी अशोक कुमार ने शनिवार शाम ही मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना पुलिस को आदेश दिए थे कि बच्ची की हत्या का जल्द से जल्द खुलासा किया जाए। अगर बच्ची को किसी ने अगवा किया था, तो पुलिस ऐसे लोगों के बारे में पता करे जो घटना वाले दिन से लापता हैं। बहरहाल शनिवार शाम से मामले की छानबीन में जुटी पुलिस को ऐसा कोई क्लू नहीं मिला है, जिससे हत्यारे के पास तक पहुंचा जाए। इधर, बच्ची की हत्या की जांच में जुटे एसआई शिवदत्त रविवार को घटनास्थल पर फिर पहुंचे। उन्होंने पास में ही एक प्राइवेट नलकूप तक को खंगाल डाला। खेत का फिर से गहनता से निरीक्षण किया। परंतु उन्हें कोई सुबूत नहीं मिला।
------------
बच्ची की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। इससे हत्यारे का दुष्कर्म का इरादा तो नहीं लग रहा है। बच्ची की हत्या किस मकसद से की गई होगी। इसका पता लगा रहे हैं। जल्द ही नतीजे पर पहुंच जाएंगे।
-ललित मोहन, इंस्पेक्टर बिल्सी