फोटो- 19 व 20
परचून की दुकान
में सिलेंडर फटा
मालिक झुलसा, दुकान में रखा सामान राख
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मीरासराय में एक परचूनी की दुकान में सिलेंडर फटने से दुकान मालिक गंभीर रूप से झुलस गया और उसने बाहर भागकर जान बचाई। आग से दुकान में रखा सामान राख हो गया।
मीरासराय निवासी लियाकत अपने घर में ही बाहरी हिस्से में बनी परचून की दुकान चलाते हैं। वह दुकान में ही पिछले हिस्से में सो जाते हैं। परिवार में उनके अलावा बेटा जावेद है जो अंदर कमरे में सोता है। बुधवार सुबह छह बजे लियाकत उठे और हीटर पर चाय बनाने लगे। लियाकत नींद में थे तो हीटर से उठी चिंगारी से गत्ते के खाली रखे डिब्बों में आग लग गई। इसके साथ ही आग ने दुकान में रखे दो छोटे सिलेंडरों को जद में ले लिया। इनमें से एक सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। इससे लियाकत भी आग की लपटों में घिर गए। पैर से लेकर सिर तक लपटों ने घेर लिया तो किसी तरह भागते हुए बाहर निकले। बाहर पड़ोसियों ने उनके शरीर पर कपड़ा डालकर आग बुझाई। शोर और धमाके से लियाकत के बेटे की भी आंख खुल गई और वह भागते हुए बाहर आया। बाद में आसपास के लोग लियाकत को लेकर जिला अस्पताल आए। यहां उसे भर्ती कर लिया गया।
लियाकत की हालत में काफी सुधार था। उन्होंने बताया कि परचूनी की दुकान में रखा करीब सवा लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। वह इसी दुकान के सहारे अपनी आजीविका चलाते थे। बताया कि तहसील प्रशासन को भी अग्निकांड के बारे में जानकारी दी है।
00000
गैस रिफिलिंग से धमाके की चर्चा
लियाकत और उनके परिवार के बयानों से इतर घटना को गैस रिफिलिंग से जोड़कर भी देखा जा रहा था। मौके पर दबी जुबान चर्चा थी कि लियाकत परचूनी की दुकान में गैस रिफिलिंग का भी काम करते थे। सुबह इसी रिफिलिंग के दौरान यह हादसा हुआ। हालांकि स्थानीय लोग चुप थे। पुलिस ने घटना की जानकारी न होने की बात कही।