बदायूं। रविवार देर रात मुठभेड़ के दौरान पकड़े गए 25 हजार के इनामी बदमाश को पुलिस ने प्राथमिक उपचार के बाद जेल भेज दिया है, जबकि उसके साथी का कुछ पता नहीं चला। पुलिस उसे तलाश करने में लगी है।
जरीफनगर इंस्पेक्टर पंकज लवानिया रविवार रात करीब सवा 11 बजे अपनी टीम के साथ रसूलपुर-सादपुर रोड पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। उसी समय उन्हें एक बाइक पर सवार दो लोग आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया लेकिन उन्होंने पुलिस टीम पर ही फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी फायरिंग की। उनमें एक बदमाश बाइक से कूदकर फरार हो गया था, जबकि दूसरा बदमाश पैर में गोली लगने से वहीं गिर गया। उसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम सुनील पुत्र चरन सिंह निवासी ग्राम चंदनपुर सहसवान बताया। उस पर 25 हजार का इनाम था। उसके खिलाफ हत्या का प्रयास और लूटपाट समेत चार मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे सोमवार को जेल भेज दिया। उसने अपने साथी का नाम दिनेश पुत्र विजयपाल निवासी ग्राम मोहम्मदपुर कुड़ाई जरीफनगर बताया है। दिनेश अभी भागा हुआ बताया जा रहा है।