बदायूं। शनिवार सुबह रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक से एक शातिर चोर पकड़ा गया। उसके पास से 10 मोबाइल फोन बरामद हुए। वह ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों को निशाना बनाता था और मौका लगते ही मोबाइल फोन साफ कर लेता था। जीआरपी ने रिपोर्ट दर्ज कर चोर को जेल भेज दिया है।
जीआरपी के हत्थे चढ़ा अर्जुन उर्फ गब्बर सिंह पुत्र श्रीपाल बरेली के कैंट थाना क्षेत्र के ग्राम क्वारा का निवासी है। शनिवार सुबह करीब सात बजे अर्जुन बदायूं रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर खड़ा था, तभी स्टेशन पर चेकिंग कर रहे एसओ मनोज कुमार और सिपाहियों को देखकर वह भाग खड़ा हुआ। पुलिस को शक हुआ और पुलिस कर्मियों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास 10 मोबाइल बरामद हुए। इसके बाद उसे थाने ले जाया गया, जहां सख्ती से पूछताछ हुई, तब अर्जुन ने बताया कि वह ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों के मोबाइल फोन चोरी करता है। पुलिस के मुताबिक पकड़ा गया चोर नशीले पदार्थों का आदी है। वह मोबाइल फोन चोरी करके बेच देता है। उसने कई घटनाएं कबूली हैं। फिलहाल रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।