होमगार्ड के फरार हत्या आरोपी हरिया की खेतों में मिली लाश
जरीफनगर (बदायूं)। उघैती कस्बे में पिकेट ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड की हत्या करने के आरोप में फरार चल रहे हरिया उर्फ हरि सिंह की रविवार सुबह लाश बरामद हो गई। हरिया 20 दिसंबर से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज थे। पुलिस ने लाश कब्जे में लेकर तुरंत पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस पर परिवार वालों और गांव के दर्जनों लोगों ने हंगामा किया। नाधा चौकी को घेर लिया। पुलिस पर हत्या का आरोप लगाया और चौकी फूंकने की धमकी दी। सूचना पर पहुंचे अधिकारियों और कई थानों की पुलिस ने बमुश्किल लोगों को शांत किया और जांच का आश्वासन दिया। रविवार सुबह जरीफनगर पुलिस को सूचना मिली कि सूरजपुर और दानपुर के बीच ऋषिपाल के गेहूं के खेत में एक व्यक्ति की लाश पड़ी है। इस पर जरीफनगर इंस्पेक्टर पंकज लवानियां पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। तब तक आसपास के दर्जनों गांवों के लोग एकत्र हो गए। जानकारी पर पता चला कि लाश होमगार्ड के हत्या आरोपी करीब 30 वर्षीय हरि सिंह उर्फ हरिया पुत्र रघुवीर सिंह निवासी ग्राम महानगर की है। हरिया 20 दिसंबर को उघैती कस्बे में पिकेट ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड छत्रपाल सिंह यादव की हत्या के मामले में नामजद था। पुलिस ने उसके दो साथियों सुनील और सुखपाल को जेल भेज दिया था। जबकि भगवान सिंह और हरिया फरार चल रहे थे।
पुलिस ने उसी समय शव कब्जे में लेकर तुरंत जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया। इधर, मृतक के भाई लाल सिंह और उसके अन्य रिश्तेदार, गांव वालों को पता चला तो वह एकत्र होकर नाधा चौकी पहुंच गए। लाश भेजने से गुस्साए लोगों ने पुलिस चौकी को घेर लिया। फिर जमकर हंगामा किया। उन्होंने पुलिस पर हत्या का आरोप लगाया। चौकी फूंकने और आत्महत्या की चेतावनी भी दी। इससे पुलिस के हाथ पांव फूल गए। सूचना पर एसपी देहात डॉ. सुरेंद्र प्रताप सिंह, सीओ बिल्सी इरफान नासिर खान और सहसवान, इस्लामनगर, मुजरिया, बिसौली आदि थानों की पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने बमुश्किल लोगों को शांत किया। शाम पांच बजे तक चौकी पर हंगामा होता रहा। बाद में परिवार वाले शांत हुए। पुलिस ने शव को मोर्चरी से पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
-----------
हत्या, लूटपाट के डेढ़ दर्जन मुकदमों में नामजद था हरिया
करीब 30 वर्षीय हरि सिंह उर्फ हरिया पुत्र रघुवीर सिंह उघैती क्षेत्र के ग्राम महानगर निवासी था। उसके खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, लूटपाट, छिनैती के करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज थे। होमगार्ड छात्रपाल सिंह की हत्या में भी उसका नाम प्रकाश में आया था। उसी आधार पर पुलिस ने उसे नामजद किया था। हरिया दो भाइयों में छोटा था। उसकी शादी नहीं हुई थी। बड़ा भाई लाल सिंह दिल्ली में ऑटो चलाता है।
--------
भाई बोला, उघैती पुलिस ने मार दिया हरिया को
हरि सिंह उर्फ हरिया के बड़े भाई लालमन का आरोप है कि उघैती पुलिस शनिवार सुबह से उसके पीछे लगी थी। कुछ लोगों ने पुलिस को खेतों में भागते देखा था। उसी तरफ हरिया भी देखा गया था। पुलिस उसको पकड़कर थाने ले गई, जहां उसके साथ जमकर मारपीट की गई। उसकी मौत हो गई तो पुलिस जहां से पकड़कर लाई थी, वहीं शव को डाल कर फरार हो गई।
------------
जरीफनगर और उघैती थाने पर पीएसी तैनात
हरिया की लाश मिलने और उसके परिवार वालों द्वारा हंगामे की सूचना पर पुलिस के साथ पीएसी को भी बुला लिया गया। सूचना थी कि परिवार वाले थानों पर जाकर हंगामा करेंगे, उपद्रव भी हो सकता है। इस पर पीएसी को उघैती और जरीफनगर थाने पर तैनात कर दिया गया।
------------
हरिया की हत्या पर उघैती बाजार बंद
उघैती। जरीफनगर इलाके में हरिया सिंह उर्फ हरिया की मौत की सूचना पर उघैती कस्बे में खौफ की स्थिति हो गई। देखते ही देखते उघैती का बाजार बंद हो गया। दुकानदार दुकानें बंद करके किनारे लग गए। देर शाम तक कस्बे का माहौल गर्म रहा। तब तक किसी भी दुकानदार ने दुकान नहीं खोली। कस्बे के लोग अपने घरों से तक नहीं निकले।
वर्जन---
हरिया की लाश जरीफनगर इलाके में खेत से मिली है। वह होमगार्ड की हत्या में शामिल था। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम के बाद जो रिपोर्ट आती है, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
-डॉ. सुरेंद्र प्रताप सिंह, एसपी देहात