फोटो-27
महिला सिपाही से अभद्रता करने वाला गया जेल
सरकारी कार्य में बाधा, हमला करना और गाली-गलौज की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
जरीफनगर (बदायूं)। थाने में घुसकर महिला सिपाही से अभद्रता करना आखिरकार भाजपा के छुटभैये नेता को महंगा पड़ गया। दूसरे दिन पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेज दिया।
आरोपी भाजपा का छुटभैया नेता प्रभाशंकर शर्मा जरीफनगर थाना क्षेत्र के ग्राम भोयस का रहने वाला है। वह शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे जरीफनगर थाने पहुंचा था। उस समय थाना कार्यालय में तैनात महिला सिपाही मोहर श्री ने आगंतुक रजिस्टर में नाम लिखने को कहा था। इससे प्रभाकर शर्मा उत्तेजित हो गया और उसने महिला सिपाही से अभद्रता कर दी। साथ ही वर्दी उतरवाने और उसे देख लेने की धमकी भी दी। इस दौरान थाना स्टाफ मूकदर्शक बना खड़ा रहा। आरोपी सिपाही से अभद्रता करके वह वहां से चला गया। पुलिस की हिम्मत नहीं हुई कि उसके खिलाफ कार्रवाई करे। इधर, शनिवार सुबह अखबार के माध्यम से एसएसपी अशोक कुमार तक यह बात पहुंची तो उन्होंने तुरंत मामले को संज्ञान में लिया और आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए। उसके बाद पुलिस ने महिला सिपाही की तहरीर पर प्रभाकर शर्मा के खिलाफ धारा 186, 353, 504, 506 आदि के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली। शनिवार दोपहर उसे गिरफ्तार करके जेल भेजा गया।