बिसौली कोतवाली में पकड़ा गया पोषाहार लदा वाहन। संवाद
- फोटो : BADAUN
बिसौली (बदायूं)। डीएम के आदेश पर दफन कराए गए पोषाहार को चोरी करते तीन लोग पकड़े गए जबकि दो लोग भागने में सफल रहे। पुलिस ने सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। उनके पास से एक लोडर वाहन पकड़ा गया है। उससे कई बोरी पोषाहार बरामद हुआ है।
बिसौली कस्बे के एक मकान से करीब एक साल पहले पोषाहार पकड़ा गया था। इसमें मकान मालिक समेत दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई थी। एक व्यक्ति को इसमें जेल भी भेजा गया था। तब से पोषाहार उस मकान में रखा हुआ था। विगत दस जून को डीएम के आदेश पर खाद्य विभाग की टीम ने बिसौली पहुंचकर पोषाहार को रानेट के जंगल में ले जाकर जमीन में दफन करा दिया। बताते हैं कि इसके बारे में आसपास गांव के लोगों को जानकारी थी। तब वह चोरी छिपे पोषाहार निकालकर ले जा रहे थे। मंगलवार दोपहर बाद पांच लोग एक लोडर वाहन (छोटा हाथी) लेकर रानेट के जंगल में पहुंच गए। उन्होंने पोषाहार निकालने के लिए गड्ढा खोद डाला और उसमें दबी बोरियों को निकालकर वाहन में लाद लिया। इसी दौरान पुलिस को किसी ने सूचना दे दी। इससे पुलिस मौके पर पहुंच गई और वहां से तीन लोगों को पकड़ लिया जबकि दो लोग भाग गए। पुलिस लोडर वाहन लेकर कोतवाली आ गई। उसमें कई बोरियां लदी मिली हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। इसमें दो आरोपी रानेट गांव के हैं।
----------------
- रानेट चौराहे से कुछ लोगों को दफन पोषाहार निकालते पकड़ा गया है। उनके पास से एक गाड़ी बरामद हुई है। उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। इसकी जांच कराई जा रही है।
- शक्ति सिंह, सीओ बिसौली