सहसवान (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र में बृहस्पतिवार रात मुड़ारी सिधारपुुर रोड किनारे 45 वर्षीय मजदूर पीतांबर की कूलर में उतरे करंट की चपेट में आने से मौत हो गई।
कस्बे के शहबाजपुर खिड़की टोला निवासी पीतांबर मल्लाह अपने मोहल्ले के ही शब्बू के तालाब पर रखवाली करता था। ये तालाब मुड़ारी सिधारपुर जाने वाले रोड किनारे है। उसमें मछली पालन हो रहा है। इससे पीतांबर वहां रहता था। परिवार वाले उन्हें सुबह शाम खाना पहुंचा देते थे। बताते हैं कि वह बृहस्पतिवार रात तालाब किनारे पड़ी झोपड़ी में सो रहा था। उसमें कूलर लगा हुआ था। खुले तार होने की वजह से कूलर में करंट आ गया। इसकी चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। शुक्रवार सुबह जब पीतांबर अपने घर नहीं पहुंचा। तब परिवार वाले उसे देखने तालाब पहुंचे। जहां उसका शव पड़ा हुआ था। सूचना पर तालाब मालिक और कोतवाली इंस्पेक्टर संजीव कुमार शुक्ला पहुंच गए। बाद में शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया। पीतांबर की मौत से उसके परिवार वाले परेशान हैं।