बदायूं। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में एक बालक समेत दो लोगों की मौत हो गई। अलापुर थाना क्षेत्र में एक ट्रैक्टर की टक्कर से बालक की मौत हुई है। वहीं फैजगंज बेहटा क्षेत्र में सड़क पार करते समय एक महिला की जान चली गई। पुलिस ने दोनों शवों के पोस्टमार्टम करा दिए हैं।
अलापुर। थाना क्षेत्र के गांव उपरैला निवासी तोहिब (5) पुत्र बाबू शाह शुक्रवार दोपहर अपनी बड़ी बहन सितारा (7) के साथ खेत पर सिंचाई कर रहे पिता को खाना लेकर जा रहे थे। बताते हैं कि वह गांव बाहर पहुंचे थे कि तभी तेज रफ्तार में आए ट्रैक्टर ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में तोहिब की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसकी बहन बाल-बाल बच गई। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। पिता ने ट्रैक्टर ड्राइवर पुष्पेंद्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। तोहिब अपने पिता का इकलौता बेटा था। बाबू शाह के चार बेटियां हैं।
ओरछी। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव सिसरका निवासी 50 वर्षीय कलावती पत्नी रामफूल बृहस्पतिवार रात सड़क पार कर रहीं थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। इस हादसे में कलावती की मौके पर ही मौत हो गई। उन्हें किस वाहन ने टक्कर मारी थी। इसका पता नहीं चला है। पुलिस ने उनके शव का पोस्टमार्टम करा दिया है।