बिनावर क्षेत्र में पकड़े गए तस्कर। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। बिनावर थाना क्षेत्र में घटपुरी के नजदीक मंगलवार रात तीन अंतरजनपदीय तस्कर पकड़े गए। तलाशी में उनके पास से छह किलो गांजा बरामद हुआ। उनके पास एक बाइक भी मिली है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। दोपहर बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।
मंगलवार रात बिनावर थाना पुलिस और पुलिस की स्पेशल टीम को सूचना मिली कि बिनावर इलाके में घटपुरी के नजदीक नशीले पदार्थों की तस्करी हो रही है। कुछ लोगों को वहां देखा गया है जो बाहर से नशीला पदार्थ लेकर आए हैं और उसे बेचने की बात कह रहे हैं। इस पर थाना पुलिस और स्पेशल टीम ने मुखबिर के बताए स्थान की घेराबंदी कर दी। उस दौरान लोग घटपुरी रेलवे स्टेशन जाने वाले मोड़ पर बाइक लेकर खड़े थे, पुलिस ने उन्हें घेराबंदी करते हुए दबोच लिया। तलाशी में उनके पास छह किलो 150 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इस पर उन्हें थाने ले जाया गया। वहां पूछताछ के दौरान उन्होंने अपने नाम सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव नगला शर्की निवासी अजय, बरेली के गोविंदापुर निवासी सखावत अली और फतेहगंज पश्चिमी के धंतिया गांव निवासी राजाराम बताए। उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से तस्करी कर रहे हैं। वह झारखंड और उड़ीसा से गांजा लाकर बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर समेत कई जिलों में सप्लाई करते हैं।
-
बिनावर थाना क्षेत्र में घटपुरी के नजदीक तीन तस्कर पकड़े गए हैं। उनके पास से छह किलो 150 ग्राम गांजा बरामद हुआ है। यह अंतर जनपदीय गिरोह है। एफआईआर दर्ज कर तीनों तस्करों को जेल भेज दिया गया है।
- सिद्धार्थ वर्मा, एसपी देहात