बदायूं। आदर्श चुनाव आचार संहिता के पालन और विधानसभा चुनावों में मतदाताओं को प्रलोभन देने से प्रत्याशियों को रोकने के लिए निर्वाचन आयोग के उड़नदस्ते लगातार काम कर रहे हैं। शनिवार को उड़नदस्ते ने मूसाझाग-बिनावर रोड पर एक कार से तीन लाख तीस हजार रुपये की नकदी बरामद की है। हालांकि, यह नकदी ट्रैक्टर एजेंसी की बताई जा रही है। मामले में पड़ताल चल रही है।
आदर्श चुनाव आचार संहिता के कड़ाई से पालन के लिए एसएसपी के निर्देश पर शनिवार दोपहर बिनावर-मूसाझाग रोड पर चेकिंग चल रही थी। इस दौरान यहां एक कार पहुंची। तलाशी लेने पर कार से तीन लाख तीस हजार रुपये की नकदी बरामद हुई। गाड़ी में एक ट्रैक्टर एजेंसी स्वामी अतुल कुमार थे। उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर बिक्री के रुपये हैं जो वह जमा करने जा रहे थे। एसएचओ खेम सिंह जलाल ने बताया रकम को कब्जे में ले लिया गया है। उड़नदस्ता टीम जांच कर रही है। ट्रैक्टर एजेंसी स्वामी से रकम के संबंध में कागजात आदि मांगे गए हैं। संवाद