फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दातागंज-बरेली रोड पर किसान का शव रखकर लगाया जाम

विज्ञापन
दातागंज (बदायूं) में जाम लगा रहे लोगों पर लाठी फटकारती पुलिस। संवाद - फोटो : BADAUN
विज्ञापन
दातागंज (बदायूं)। एक दिन पहले सांड़ के हमले में मरे किसान रतिराम का शव रखकर परिवारवालों ने बुधवार सुबह दातागंज-बरेली रोड पर जाम लगा दिया। पुलिस ने जाम खुलवाने की कोशिश की पर परिवार वाले बिना पोस्टमार्टम ही मुआवजे की मांग पर अड़े रहे। परिवार वाले नहीं माने तो पुलिस ने लाठी फटकार कर भीड़ को भगा दिया और किसान के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विज्ञापन

कोतवाली क्षेत्र के गांव रुदैली निवासी 52 वर्षीय रतिराम मंगलवार को अपनी गाय लेकर समरेर ब्लॉक आए थे। इसी दौरान वहां छुट्टा घूम रहे सांड़ ने उन पर हमला बोल दिया, इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिवारवाले उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां उनकी मौत हो गई। इस दौरान परिवार वाले पोस्टमार्टम कराने से इनकार करते हुए उनके शव को अपने घर ले गए। रात भर शव घर पर रखा रहा। बुधवार सुबह दस बजे परिवार वाले रतिराम का शव लेकर दातागंज-बरेली रोड पर पहुंच गए और इसे सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लाइन लग गई। सूचना पर इंस्पेक्टर वीरपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने परिवार वालों को समझाने की कोशिश की, पर बिना पोस्टमार्टम कराए ही मुआवजे की मांग पर अड़े रहे। पुलिस वालों ने समझाया भी कि पहले पोस्टमार्टम कराया जाएगा। उसके बाद ही नियमानुसार उन्हें मुआवजा मिलने का रास्ता बनेगा। ऐसे में करीब एक घंटे तक मौके पर जाम लगा रहा।
जब परिवार वाले नहीं माने तो पुलिस ने लाठी फटकार कर लोगों को भगाया और शव उठाकर अपने कब्जे में लेकर तुरंत ऑटो में रखकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उसके बाद भीड़ खुद ही तितर बितर हो गई। बचे लोगों को पुलिस ने ऐसे ही भगा दिया। इसके बाद कहीं जाम खुल सका।
विज्ञापन

-
दूसरे दिन भी ब्लॉक में घूमता दिखा सांड़
मंगलवार को समरेर ब्लॉक में जिस सांड़ ने किसान को पटककर मार डाला, वह दूसरे दिन भी ब्लॉक परिसर में घूमता हुआ दिखा। इसके बावजूद पशु चिकित्सा विभाग उस सांड़ को नहीं पकड़वा पाया। सांड़ लोगों के लिए खतरा बना हुआ है।
-
परिवार वाले शव का पोस्टमार्टम कराने के मूड में नहीं थे
सांड़ के हमले में किसान की मौत के बाद ही परिवारवालों ने उनके शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया था। इससे वह शव को ऐसे ही अपने घर ले गए लेकिन सुबह उन्होंने मुआवजा लेने के लिए जाम लगा दिया। उस दौरान भी वह शव का पोस्टमार्टम कराना नहीं चाहते थे।
-
मंगलवार को दातागंज इलाके में एक व्यक्ति की सांड़ के हमले में जान चली गई थी। उस दौरान उन्होंने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार किया था लेकिन बुधवार सुबह उन्होंने जाम लगा दिया। वह मुआवजा की मांग कर रहे थे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। लाठी फटकारने की बात सामने नहीं आई है।
विज्ञापन

- प्रवीन सिंह चौहान, एसपी सिटी

दातागंज बरेली रोड पर जाम लगाए खड़े लोग। संवाद- फोटो : BADAUN

 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें