नरऊ पसा गांव में इसी जगह हुआ था विवाद। संवाद
- फोटो : BADAUN
कुंवरगांव (बदायूं)। थानाक्षेत्र के गांव नरऊ पसा में बुधवार को दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। जिसमें एक पक्ष के तीन लोग घायल हो गए। इस दौरान गांव में अवैध असलहे भी लहराए गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने नौ लोगों को गिरफ्तार करके उनका शांति भंग में चालान कर दिया।
ग्राम नरऊ पसा निवासी अजय पाल और मुन्ना सिंह के बीच कई दिन से तनातनी का माहौल है। वह काफी समय से एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस से शिकायतें कर रहे हैं। बृहस्पतिवार सुबह दोनों पक्ष एक-दूसरे के आमने सामने आ गए। दोनों पक्षों में गालीगलौज हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि अपने-अपने घर से लाठी-डंडे निकालकर ले आए। फिर उनमें मारपीट शुरू हो गई। वह अवैध असलहे भी निकाल लाए। करीब आधा घंटा तक मारपीट होती रही। मारपीट में एक पक्ष के तीन लोग घायल हो गए। इस दौरान काफी भीड़ लग गई। उन्होंने बीच बचाव की कोशिश भी की लेकिन मामला नहीं सुलझा। इसी दौरान किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। इससे पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मुन्ना सिंह समेत दोनों पक्षों के नौ लोगों को हिरासत में ले लिया। इसमें एक व्यक्ति से अवैध असलहा पकड़े जाने की चर्चा है। हालांकि पुलिस इससे इनकार कर रही है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी है। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेज दिया है। संवाद