उझानी पुलिस की गिरफ्त में लुटेरे। संवाद
- फोटो : BADAUN
उझानी (बदायूं)। पिछले महीने एसबीआई के ग्राहक सेवा केंद्र संचालक से दिनदहाड़े लूट की घटना में शामिल चार बदमाशों को पुलिस ने दबोच लिया। एक ने भागने की कोशिश की और ऐसे में हवाई फायर भी किए पर वह भाग नहीं सका। पकड़े गए बदमाशों के पास से चोरी की दो बाइक, तीन तमंचे और करीब छह हजार रुपये बरामद किए हैं।
सर्विलांस और स्वॉट टीम के अलावा कोतवाली पुलिस की टीम ने मुखबिर की सूचना पर रविवार रात करीब दो बजे वितरोई रेलवे स्टेशन के पास यात्री शेड की घेराबंदी कर ली। पुलिस के मुताबिक- यात्री शेड के पास दो बाइक पर चार बदमाश नजर आए। बदमाशों में से एक ने पुलिस को देख हवाई फायर कर भागने की कोशिश की पर भाग न सका। तलाशी के दौरान चारों में तीन के पास तमंचे और एक पर चाकू मिला। बदमाशों की जेबों में करीब छह हजार रुपये निकले। पकड़े गए बदमाशों की पहचान उघैती थाना क्षेत्र के गांव बाला किशनपुर निवासी रामखिलाड़ी पुत्र रामऔतार, मेवली निवासी ज्ञानचंद्र पुत्र धर्मी, सोनियाखेड़ा निवासी गब्बर पुत्र नंदराम और फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव खेडादास निवासी मनोज पुत्र बादाम सिंह के रूप में की गई। कोतवाली में तड़के तक चारों से पूछताछ भी गई।
बदमाशों के पकड़ने के बाद सीओ गजेंद्र सिंह क्षोत्रिय भी कोतवाली पहुंचे और बदमाशों से पूछताछ की। पकड़े गए बदमाशों ने पुलिस को बताया कि उनके पास जो दो बाइक हैं, वह अलग- अलग स्थानों से चोरी की गई हैं। 13 सितंबर को चारों बदमाशों ने गोशाला के पास ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक से नोटों भरा बैग लूटा था। बैग में करीब 85 हजार रुपये निकले थे, जिसे आपस में बांट लिए। बैग गंगा में फेंक दिया गया। चारों बदमाशों को उघैती और फैजगंज थाने में आपराधिक रिकार्ड भी सामने आया है। सीओ ने बताया कि पकड़े गए बदमाश इलाके में ही लूट की घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। बदमाशों को पकड़ने वाली पुलिस और सर्विलांस टीम में प्रभारी धर्मेंद्र सिंह समेत 19 पुलिसकर्मी शामिल रहे। संवाद