उसहैत थाने में पकड़े यात्रियों को लूटने की योजना बनाने वाले। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं/उसहैत। शुक्रवार रात उसहैत थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने करीमपुर तिराहे से बस यात्रियों को लूटने की योजना बना रहे तीन लोगों को दबोच लिया। तलाशी में उनके पास दो तमंचे और एक छुरा बरामद हुआ है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर तीनों को जेल भेज दिया।
उसहैत एसओ सौरभ सिंह को शुक्रवार रात सूचना मिली कि उसहैत-करीमपुर रोड पर तिराहे पर एक कोठरी के पीछे कुछ बदमाश देखे गए हैं। उन्होंने एसआई कृपाल सिंह और पुलिस बल के साथ मुखबिर के बताए स्थान पर घेराबंदी कर दी। यहां बदमाश रात के एक बजे दिल्ली से आने वाली रोडवेज बस के यात्रियों को लूटने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने अचानक दबिश देकर तीनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में उन्होंने अपने नाम चिरानी निवासी कुलदीप, तरसुरा निवासी जावेंद्र और चिरानी निवासी बसंत सिंह बताया। पुलिस ने कुलदीप और जावेंद्र से एक-एक तमंचा और बसंत से एक छुरा बरामद किया है। पुलिस ने शनिवार सुबह तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। दोपहर में उन्हें जेल भेज दिया गया। संवाद