फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पत्नी और बेटी ने सुपारी देकर कराई थी रोहताश की हत्या, पांच गिरफ्तार

विज्ञापन
जरीफनगर थाने में खड़े रोहताश हत्याकांड के आरोपी। संवाद - फोटो : BADAUN
विज्ञापन
बदायूं। सौतन घर में न आ धमके। जायदाद न चली जाए। इस आशंका में पत्नी ने पति रोहताश की हत्या करवा दी। हत्या की सुपारी देने को तीन लाख रुपये नहीं थे तो सुपारी लेने वाले के नाम तीन बीघा जमीन का इकरारनामा कर दिया। इस साजिश में आरोपी पत्नी के साथ उसकी बेटी भी शामिल थी। बीते चार सितंबर को जरीफनगर थाना क्षेत्र में हुई हत्या के मामले में सोमवार को पुलिस ने यह खुलासा किया। पत्नी, तीन हत्यारोपियों को जेल और बेटी को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।
विज्ञापन

एसएसपी संकल्प शर्मा ने बताया कि चार सितंबर की रात जरीफनगर थाना क्षेत्र के दांदरा गांव में रोहताश की घर के बरामदे में सोते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में उसकी पत्नी वरफा देवी ने रोहताश के बहनोई वीरपाल और भांजे ब्रजेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। विवेचना जरीफनगर इंस्पेक्टर सुधाकर पांडेय कर रहे थे। दो दिन बाद उन्होंने नामजद लोगों को गिरफ्तार कर लिया। उनसे पूछताछ हुई और उनकी लोकेशन खंगाली गई तो कुछ चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। कई लोगों से जानकारी ली गई तो पता चला कि रोहताश की पत्नी वरफा देवी कुछ बातें छिपा रही थी। वह पिछले कई दिन से संभल जिले के गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के गांव मेंदावली निवासी बालिस्टर यादव के संपर्क में थी। इसकी जानकारी होनो पर इंस्पेक्टर सुधाकर पांडेय ने बालिस्टर और उसके बेटे प्रेम यादव, उसके दोस्त मोनू कश्यप निवासी रामगढ़ नई बस्ती खड़खड़ी कोतवाली हरिद्वार (उत्तराखंड) को गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने पूछताछ में बताया कि वरफा देवी ने रोहताश की हत्या करने के लिए तीन लाख रुपये की सुपारी दी थी। उसके पास रुपये नहीं थे। इसलिए वह हत्या से पहले अपनी पंद्रह वर्षीय बेटी के साथ सहसवान आई और उसने तीन बीघा जमीन का इकरारनामा किया। तब उन्होंने चार सितंबर की रात उसके घर जाकर रोहताश की हत्या की। इस पर पुलिस ने वरफा देवी और उसकी बेटी को भी गिरफ्तार कर लिया। बालिस्टर, प्रेम यादव और मोनू के पास से तीन तमंचे बरामद हुए। जिस बाइक से वह आए थे, उसे और मोबाइल भी पुलिस ने बरामद कर लिए। पुलिस ने वरफा देवी, बालिस्टर, प्रेम यादव ओर मोनू को जेल भेज दिया है। जबकि वरफा की बेटी को बाल सुधार गृह बरेली भेजा गया है।
विज्ञापन

पति से ज्यादा जायदाद से था मोह
रोहताश के अपनी रिश्तेदारी में ही एक महिला से संबंध थे। वह कुछ दिन पहले उस महिला को लेकर दिल्ली चला गया था। कई दिन वहां रुका। फिर अपने घर आ गया। महिला को उसके घर भेज दिया गया। वरफा देवी को शक था कि अगर रोहताश उस महिला को घर ले आया तो मुसीबत हो जाएगी। रोहताश अपनी सारी जमीन उस महिला के नाम कर देगा। फिर उसके पास कुछ नहीं रहेगा। इससे उसने रोहताश को रास्ते से हटाने का इरादा कर लिया।
-
बेटी ने साजिशन मोबाइल से भी की छेड़छाड़
रोहताश की हत्या कराने की साजिश मां-बेटी ने मिलकर रची थी। बेटी ने रोहताश के मोबाइल की कॉल और रिकॉर्डिंग सब डिलीट कर दी थी। जिससे पुलिस इसकी तह तक नहीं पहुंच सके। वह काफी समय से ये प्लान बना रही थी। रोहताश भी अपने घर पर खाना नहीं खाता था। इससे दोनों को शक हो गया था कि ये जरूर दूसरी महिला को घर में ले आएगा।
-
शातिर अपराधी है बालिस्टर
रोहताश की हत्या का आरोपी बालिस्टर बेहद शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ आठ मामले दर्ज हैं। उस पर बच्ची से दुष्कर्म करने का मामला भी चल रहा है। संभल जिले में उस पर गुंडा एक्ट लगी थी।
-
रोहताश की पत्नी ने ही संभल जिले के अपराधियों को तीन लाख रुपये की सुपारी दी थी। देने के लिए नकदी नहीं थी तो उसने सहसवान जाकर मुख्य आरोपी के नाम तीन बीघा जमीन का इकरारनामा कराया। फिर रोहताश की हत्या कर दी। इसमें पांचों आरोपी पकड़े गए हैं। चार को जेल भेजा जा रहा है। जबकि रोहताश की बेटी नाबालिग है। उसे बाल सुधार गृह भेजा जाएगा। इंस्पेक्टर सुधाकर पांडेय और उनकी टीम ने अच्छा काम किया है।
विज्ञापन

-संकल्प शर्मा, एसएसपी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें