उझानी (बदायूं)। पंजाब नेशनल बैंक में अपने लोन खाते के रुपये चुकता करने के लिए पहुंची आशा कार्यकर्ता को दो ठगों ने ठग लिया। उन्होंने लंच टाइम में कामकाज बंद होने का फायदा उठाते हुए खुद को बैंक का कर्मचारी बताया और पासबुक समेत साढ़े 31 हजार रुपये हथिया लिए। इसके बाद वह आशा कार्यकर्ता को काउंटर के पास बैठाकर फरार हो गए।
ठगी का मामला दोपहर बाद करीब दो बजे का है। कोतवाली क्षेत्र के गांव लऊआ निवासी आशा कार्यकर्ता राजवती (60) का पंजाब नेशनल बैंक में खाता है। उसने बैंक से लोन लिया था, जिसे चुकता करने के लिए वह बेटे वीरेश ठाकुर के साथ 30 हजार रुपये लेकर बैंक पहुंची। बैंक में जब उसे पता लगा कि बकाया रकम 31 हजार पांच सौ रुपये हो चुकी है, सो वह डेढ़ हजार रुपयों को बंदोबस्त करने के लिए किसी परिचित के पास चली गई। बेटा परिचित के पास ही रुक गया। राजवती दोबारा बैंक पहुंची तब तक लंच टाइम हो गया। वह 31 हजार पांच सौ रुपये का बाउचर भरकर काउंटर के पास ही खड़ी हो गई। बकौल राजवती- उसी दौरान उसके पास दो युवक पहुंचे और खुद को बैंक कर्मचारी बताकर उन्होंने रुपये, बाउचर और पासबुक ले ली।
आशा को ठगी अहसास तब हुआ जब दोनों युवक काफी देर बाद भी बैंक नहीं लौटे। उसने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। काफी देर तक पुलिस कोतवाली में ही उससे जानकारी करती रही। करीब तीन बजे पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो महिला बिफर पड़ी। उसने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को कोतवाली में तहरीर भी दी। इधर, दरोगा रामेंद्र सिंह ने बैंक के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखने के बाद महिला को भी दिखाई। बैंक फुटेज में दोनों युवक काफी देर पहले से ही नजर आ रहे हैं।
मैनेजर घनेंद्र पाल से भी पुलिस ने जानकारी की लेकिन ठगों का सुराग नहीं लग पाया। संवाद