साइबर ठगों की तलाश में संग्रामपुर में आंवला पुलिस की दबिश
केरल के पादरी से हुई थी साढ़े तीन लाख रुपये की ठगी, तीन आरोपी भेजे जा चुके हैं जेल
संवाद न्यूज एजेंसी
दबतोरी (बदायूं)। बिसौली कोतवाली क्षेत्र के चर्चित गांव संग्रामपुर में सोमवार शाम बरेली की आंवला पुलिस ने दबिश दी। यहां के आरोपी तौहीद ने केरल के पादरी से साढ़े तीन लाख रुपये की ठगी की थी। इसमें तौहीद समेत तीन आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं। कुछ और लोगों के नाम प्रकाश में आए हैं। उनकी तलाश में आंवला पुलिस ने संग्रामपुर गांव में दबिश दी, आरोपी नहीं मिले।
आंवला कोतवाली में तैनात इंस्पेक्टर क्राइम वेदप्रकाश गुप्ता सोमवार शाम संग्रामपुर गांव पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले कुछ संदिग्धों के घरों में दबिश दी, लेकिन कोई आरोपी हाथ नहीं आया। फिर केरल के पादरी से ठगी के मुख्य आरोपी तौहीद के घर जाकर उसके परिवारवालों से जानकारी ली। उसके पिता और परिवार के अन्य सदस्यों के बयान दर्ज किए। गांव के तमाम लोगों से भी तौहीद के बारे में पूछताछ की। बताते हैं कि तौहीद ने केरल के पादरी से करीब साढ़े तीन लाख रुपये की ठगी की थी। इसमें तौहीद, आंवला निवासी शोएब और कुंदरकी निवासी वसीम के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
इंस्पेक्टर क्राइम के मुताबिक इस मामले में कुछ और लोगों के नाम प्रकाश में आए हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगी हुई है। बताते हैं कि पुलिस ने इनके बारे में जानकारी जुटाने के लिए संग्रामपुर के तमाम लोगों से पूछताछ की। उसके बाद इंस्पेक्टर यहां से लौट गए।