कुंवरगांव। शहर के नजदीकी कस्बा कुंवरगांव में मंगलवार को पूरे दिन बिजली सप्लाई ठप रही। सोमवार रात मौर्य बस्ती में एचटी लाइन टूट गई थी। मंगलवार सुबह लाइन ठीक हुई तो थाने के सामने ट्रांसफार्मर के केबल बॉक्स में आग लगने से दोबारा सप्लाई ठप हो गई।
कुंवरगांव की मौर्य बस्ती काफी घना इलाका है। इस घने इलाके से हाईटेंशन लाइन गुजर रही हें। सोमवार रात करीब आठ बजे मौर्य बस्ती में हाईटेंशन लाइन टूट कर जमीन पर गिर गई। गनीमत रही कि इसकी चपेट में कोई नहीं आया। एचअी लाइन टूटने के कारण कस्बे समेत आसपास के गांवों में बिजली सप्लाई ठप हो गई। सुबह छह बजे लाइन जोड़ी जा सकी।
इसके बाद सप्लाई कुछ समय के लिए चालू हुई, लेकिन बाद में थाने के सामने ट्रांसफार्मर के केबल बॉक्स में आग लग गई। इसके कारण फिर से बिजली सप्लाई ठप हो गई। सोमवार रात आठ बजे ठप हुई बिजली मंगलवार शाम तक चालू नहीं हो सकी। इस दौरान कस्बे के लोगों ने जेई सतीश और एसडीई सचिन मौर्य को कॉल की तो उन्होंने भी संतोषजनक जवाब नहीं दिया। कस्बे के आसपास के गांवों में पहले से ही बिजली आपूर्ति का बुरा हाल है। इन दिनों कस्बे में भी लगातार सप्लाई ठप होने से लोगों में रोष पनप रहा है।
उपकेेंद्र कर्मचारियों पर मनमानी का आरोप
उपकेंद्र पर तैनात कर्मचारियों पर मनमानी करने का आरोप है। लोगों का कहना है कि लाइन टूटने या बिजली सप्लाई ठप होने संबंधी शिकायत करने पर भी कोई सुनवाई नहीं होती। पिछले दिनों कस्बे के लोगों ने रात में उपकेंद्र का घेराव भी किया था। इसके बाद कुछ दिनों तक तो सप्लाई में सुधार हुआ, लेकिन बाद में फिर से सप्लाई पुराने ढर्रे पर आ गई। मौर्य बस्ती में एचटी लाइन टूटने की एक सप्लाई में यह दूसरी घटना है।
मौर्य बस्ती में एक सप्ताह के भीतर एचटी लाइन टूटने का यह दूसरा मामला है। एसडीओ, जेई जनता की शिकायत को नहीं सुनते। संतोषजन जवाब नहीं देते। लाइनें टूटने के कारण बार-बार सप्लाई ठप होती है। -सचिन, सभासद वार्ड नंबर चार
सोमवार रात बिजली सप्लाई ठप हुई थी मंगलवार शाम तक चालू नहीं हो सकी। एसडीओ और जेइ का कॉल की, लेकिल संतोषजनक जवाब तक नहीं दिया। एचटी लाइन से किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।-सचिन, नागरिक
कभी लाइन टूटती है तो कभी केबल बॉक्स में आग लग जाती है इससे सप्लाई ठप हो जाती है। एसडीओ और जेई शिकायतों को सुनते ही नहीं है। अगर कॉल करो तो अधिकारी सही ढंग से बात नहीं करते।- जफर, नागरिक
बिजली उपकेंद्र पर ही मनमानी है। एसडीओ, जेई उससे ज्यादा मनमानी कर रहे हैं। कस्बे में किसी भी दिन एचटी जाइन से कोई बड़ा हादसा हो सकता है। अधिकारी इन चीजों को नजरअंदाज कर रहे हैं।-अनूप सिंह, नागरिक
एचटी लाइन टूटने की सूचना पर संबंधित जेई को निर्देशित किया था, लाइन जोड़ कर सप्लाई चालू करा दी गई। मंगलवार थाने के सामने केबल बॉक्स में आग लगी थी इसे भी ठीक करा दिया गया है। सप्लाई चालू है। लोगों की शिकायत न सुनने संबंधी बात गलत है। किसी भी शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है। - सचिन मौर्य, एसडीई कुंवरगांव