उघैती (बदायूं)। थाना क्षेत्र के कूबरी खान सहाय गांव में दो भाइयों के बीच रुपयों के लेन-देन का विवाद इतना बढ़ गया कि एक भाई ने दूसरे को फंसाने के लिए अपने ही पैर में गोली मार ली। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके से तमंचा और खोखा बरामद किया है। घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ग्राम कूबरी खानसा निवासी राजपाल पर उसके ही सगे भाई अमर सिंह के एक लाख रुपये उधार आ रहे थे। पुलिस के मुताबिक अमर सिंह ने अपने भाई से रुपये वापस मांगे थे लेकिन वह रुपये देने से आनाकानी कर रहा था। शनिवार शाम दोनों भाइयों में रुपयों को लेकर काफी विवाद हुआ। इस दौरान राजपाल ने रुपये देने से इनकार कर दिया।
इसी दौरान देर रात राजपाल ने पुलिस को सूचना दी कि उसके भाई अमर सिंह ने पैर में गोली मार दी है। उघैती एसओ वीरेंद्र सिंह राणा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मामले की छानबीन करते हुए जब लोगों से बातचीत की तो पता चला कि राजपाल ने खुद ही अपने पैर में गोली मारी थी। वह अमर सिंह को फंसाने की धमकी दे रहा था। पुलिस ने तलाशी के दौरान मौके से तमंचा और एक खाली खोखा बरामद कर लिया। उसके बाद घायल राजपाल को जिला अस्पताल भेजा।
-
दोनों भाइयों के बीच रुपयों के लेनदेन का विवाद है। राजपाल पर अमर सिंह के रुपये आ रहे हैं। इसी बात को लेकर उनके बीच गालीगलौज हुई। उसी दौरान राजपाल ने पैर में गोली मार ली। फिलहाल इसकी जांच कराई जा रही है। आगे जो भी सच्चाई सामने आएगी। उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।- अनिरुद्ध सिंह, सीओ बिल्सी