बिनावर (बदायूं)। मलगांव में बुधवार रात चोरों ने एक मेडिकल स्टोर मालिक के घर को निशाना बनाया। पड़ोसी के घर की छत से होकर घर में घुसे चोर सोने-चांदी के जेवरों समेत करीब पांच लाख रुपये का माल ले गए। घरवालों को इसकी जानकारी बृहस्पतिवार सुबह जागने पर हुई।
बिनावर थाना क्षेत्र के मलगांव निवासी नरेश वर्मा मेडिकल स्टोर चलाते हैं। बुधवार रात उनके परिवार वाले घर की छत पर सो रहे थे। रात किसी समय चोर पड़ोसी के घर की छत से होकर नरेश के घर में घुस गए। परिवार वाले घर में सोते रहे और चोरों ने उनके घर में घुसकर कमरे का ताला तोड़ लिया। इसके बाद अलमारी और बक्से के ताले तोड़ लिए। उसके बाद अलमारी और बक्से में रखी सोने की दो चेन, दो अंगूठी, दो झुमकी, एक जोड़ी टॉप्स, पायजेब और 50 हजार की नकदी चोरी करके ले गए।
परिवार वाले सुबह सोकर उठे तब उन्होंने घर में सामान फैला देखा। उसके बाद उन्होंने यूपी 112 पुलिस को इसकी सूचना दी। इससे पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मामले की जानकारी करते हुए कार्रवाई का आश्वासन दिया है। परिवारवालों का ये भी कहना है कि चोरों ने उन्हें नशा सुंघा दिया था। इससे उन्हें चोरी की जानकारी नहीं हुई। उन्होंने चोरों के खिलाफ अज्ञात में पुलिस को तहरीर दे दी है।