बदायूं। जून में होने वाले राशन वितरण में कार्ड धारकों को गेहूं की मात्रा में कटौती झेलनी होगी और उसके स्थान पर चावल से काम चलाना पड़ेगा। ऐसे में इस बार कार्ड धारकों को गेहूं खरीदकर खाने पड़ सकते हैं। इस बार के वितरण को लेकर विभागीय अधिकारियों ने तैयारी शुरू कर दी है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार अब तक पीएचएच राशन कार्ड धारकों के लिए तीन किलो गेहूं और दो किलो चावल प्रति यूनिट दिया जाता था, लेकिन अब उन्हें दो किलो गेहूं और तीन किलो चावल दिया जाएगा। अंत्योदय कार्ड धारकों को पहले 20 किलो गेहूं और 15 किलो चावल दिया जाता था, लेकिन अब उनको 14 किलो गेहूं और 21 किलो चावल ही मिल सकेगा। अगर वे इससे अधिक गेहूं का उपयोग करते हैं, तो उनको गेहूं की इस बार खरीदारी करनी होगी।
दरअसल, जिले में शासन के निर्देश पर एक अप्रैल से हर साल गेहूं खरीद शुरू हो जाती थी, जो लक्ष्य के सापेक्ष बराबर या कभी कभी ज्यादा भी होती थी, लेकिन इस बार जिले में बहुत कम गेहूं की खरीद हुई है। यही हाल प्रदेश के अन्य जिलों का भी है। माना जा रहा है कि इसी के चलते इस बार के राशन वितरण में गेहूं की कटौती की जा रही है।
-
माह में दो बार ऐसे मिलता है राशन
कार्ड धारकों के लिए प्रत्येक माह दो बार राशन दिया जाता है। इसमें एक बार राज्य सरकार की ओर से और दूसरी बार प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत राशन दिया जाता है। पीएचएच वालों के लिए राज्य सरकार की ओर से हर माह तीन किलो गेहूं व दो किलो चावल प्रति यूनिट दिया जाता है। इसके अलावा प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत पांच किलो चावल प्रति यूनिट दिया जाता है जबकि एक किलो चना, एक किलो नमक व एक लीटर रिफाइंड भी साथ दिया जाता है। इसके अलावा अंत्योदय कार्ड धारकों को राज्य सरकार की तरफ से 20 किलो गेहूं व 15 किलो चावल एकमुश्त दिया जाता है। इसके अलावा प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना द्वारा पांच किलो चावल प्रति यूनिट दिया जाता है। इसके साथ ही एक किलो चना, एक किलो नमक व एक लीटर रिफांइड दिया जाता है।
-
ये भी जानें
2021
गेहूं खरीद का लक्ष्य - एक लाख 25 हजार एमटी
गेहूं खरीद हुई - एक लाख 17 हजार 300 सौ एमटी
-----------
2022
गेहूं खरीद का लक्ष्य- एक लाख 25 हजार एमटी
गेहूं खरीद हुई - 250 एमटी
-
पिछली बार गेहूं का क्षेत्रफल
एक लाख 33 हजार हेक्टेयर में
इस बार क्षेत्रफल
एक लाख 20 हजार हेक्टेयर में
-
शासन के निर्देशानुसार जून में राशन के वितरण में बदलाव किया गया है। इस महीने इस नयी व्यवस्था के अनुसार ही राशन का वितरण किया जाएगा।
-रमन मिश्रा, जिला पूर्ति अधिकारी