बदायूं। शासन ने निर्देश दिए हैं कि सरकारी मेडिकल कॉलेज में मंकीपॉक्स के रोगियों के लिए 10 बेड का वार्ड बनाया जाए। इसको लेकर कॉलेज प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। जल्द ही यहां पर भी 10 बेड का मंकीपॉक्स रोगियों के लिए वार्ड बनाया जाएगा। हालांकि अभी जिले में ऐसा कोई रोगी सामने नहीं आया है।
कई देशों में मंकीपॉक्स के मरीजों के मामले सामने आ रहे हैं। इसको लेकर अब प्रदेश सरकार की ओर से सतर्कता को बढ़ाया गया है। शासन ने निर्देेश दिए हैं कि सभी राजकीय मेडिकल कॉलेजों में मंकीपॉक्स के रोगियों के लिए अलग से 10-10 बेड के वार्ड बनाए जाएं। अगर कोई केस मंकीपॉक्स का सामने आता है, तो वहां पर उनको भर्ती किया जाए। वहीं राजकीय मेडिकल कॉलेज प्रशासन के अनुसार शासन के निर्देशों के क्रम में यहां पर भी वार्ड बनाने की तैयारी की जा रही है, ताकि यहां पर अगर कोई केस आता है, तो उसका संबंधित वार्ड में भर्ती कर इलाज मुहैया कराया जाए। इसके लिए स्टाफ की तैनाती की जाएगी। राजकीय मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. धर्मेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि मंकीपॉक्स लगभग चिकन पॉक्स जैसी बीमारी है। इसको लेकर वार्ड का चयन किया जा रहा है।