बदायूं। कर्मचारी, शिक्षक, अधिकारी एवं पेंशनर्स अधिकार मंच के बैनर तले पुरानी पेंशन बहाली के लिए मालवीय आवास पर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया जाएगा। शिक्षकों, कर्मचारियों ने 28 सितंबर को होने वाले धरने को सफल बनाने लिए रणनीति तैयार की। कहा कि सरकार उन लोगों की मांगों की अनदेखी कर रही है।
जिलाध्यक्ष संजीव शर्मा ने कहा कि शासन की ओर से शिक्षकों की पुरानी पेंशन बहाली और विभिन्न लंबित मांगों का निराकरण करने का आश्वासन तो दिया गया पर उस दिशा में कोई काम नहीं हुआ। कहा कि सभी शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, आंगनबाड़ी, रसोइया, कर्मचारी अधिकारी और पेंशनर्स में इसको लेकर काफी रोष है। अब आरपार की लड़ाई लड़ने का समय आ गया है। जिला मंत्री उदयवीर सिंह यादव ने कहा कि पुरानी पेंशन सेवानिवृत्ति के बाद जीवन निर्वहन करने का एकमात्र साधन है। जिला कोषाध्यक्ष सुशील चौधरी ने कहा कि शासन द्वारा जब तक उनकी मांगों का निस्तारण नहीं हो जाता हैं, तब तक प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर संघर्ष जारी रहेगा। इस दौरान शिक्षा विभाग के विभिन्न संगठनों और कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। संवाद