बदायूं। पिछले दिनों इस्लामनगर में एक संस्था के बैनर तले कस्बे को संभल जिले से जोड़ने के लिए अभियान चलाया गया था। इस मामले में गुन्नौर के विधायक ने भी दिलचस्पी दिखाई थी। अब संभल जिले के डीएम ने शासन की ओर से मांगी गई जानकारी पर एक पत्र भेजा है। इसमें जिक्र है कि संभल से यदि इस्लामनगर को जोड़ा जाता है तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं होगी। इससे स्थानीय लोगों के आंदोलन को बल मिलता दिखाई दे रहा है।
बसपा शासन में मुख्यमंत्री मायावती ने संभल को भीमनगर नाम से नया जिला घोषित किया था। उसके बाद से ही बदायूं के इस्लामनगर ब्लॉक को संभल में शामिल करने की मांग उठने लगी थी। इस्लामनगर के पूर्व चेयरमैन रहे वाहिद खां व पूर्व प्रधानाचार्य सुनील मिश्र सहित कई लोगों ने इस मांग के समर्थन में जनचेतना जगाने का काम किया। अब फिर अमन वेलफेयर सोसायटी के कैलाश भारती व अन्य लोगों ने संजीव पहलवान के साथ मिलकर कुछ माह तक धरना प्रदर्शन कर इस मांग को प्रमुखता से उठाया था।
गुन्नौर (संभल) के विधायक अजीत यादव उर्फ राजू ने इन लोगों का धरना खत्म कराकर शासन में मुद्दा उठाने की मांग की थी। दरअसल बदायूं के नेता भले ही न चाहें पर अजीत की दिलचस्पी इस्लामनगर को अपने जिले में जोड़ने की जरूर है। इस मामले में लिखापढ़ी के बाद राजस्व परिषद के आयुक्त की ओर से डीएम संभल को पत्र भेजा गया था। अब संभल के डीएम संजीव रंजन ने इस्लामनगर से संभल की नजदीकी व जनभावनाओं का हवाला देकर राजस्व परिषद के आयुक्त व सचिव को संस्तुति सहित आधिकारिक पत्र भेजा है। इसमें उल्लेख है कि संभल में इस्लामनगर को जोड़ने पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है।
-------------------------
आंदोलन के समर्थकों में खुशी
संभल डीएम की कवायद वाला पत्र वायरल होने के बाद इस आंदोलन के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। वीरेंद्र बॉबी, महबूब खां, चेयरमैन के पति मुशायद अली, भगवान दास जर्दा, संजीव पहलवान, राजीव कट्या, अशोक बजाज, जय कुमार, भूरे अल्वी आदि ने इस पहल का स्वागत किया है। सुनील मिश्र व कैलाश भारती ने डीएम संभल व संबंधित जनप्रतिनिधियों का आभार जताया है।
---
इस्लामनगर के लोग काफी समय से संभल से जुड़ाव की मांग कर रहे हैं। उन्होंने अनुरोध किया तो हमने उनकी मांग को शासन स्तर पर उठाया था। मुख्यमंत्री के संज्ञान में भी मामला पहुंचा। वहीं से यह कवायद की जा रही है। डीएम संभल ने सकारात्मक संस्तुति की है। हम आगे भी पैरवी करके इसे अंजाम तक पहुंचाएंगे। - अजीत यादव उर्फ राजू, विधायक गुन्नौर, जिला संभल
--------------------
राजस्व परिषद को पत्र भेजा है। मुझसे इस बारे में अनापत्ति मांगी गई थी। इसमें अहम भूमिका डीएम बदायूं की होगी। अगर वह इस्लामनगर को बदायूं से अलग करने में रुचि दिखाएंगी तभी यह प्रक्रिया आगे बढ़ पाएगी।
- संजीव रंजन, डीएम संभल