बदायूं। शहरवासियों को जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए बनाया गया बाईपास पूरी सहूलियत नहीं दे पा रहा है। बाईपास का दूसरा हिस्सा बनाकर रिंग रोड बनाने का सपना अभी अधूरा है। नेताओं की पैरवी भी इस दिशा में काम नहीं आ पा रही है।
फिलहाल एक बाईपास राजकीय मेडिकल कॉलेज के पास से होता हुआ बरेली रोड पर निकला है। वहीं 18.50 किमी का दूसरा बाईपास प्रस्तावित है, जो राजकीय मेडिकल के सामने से कादरचौक, दातागंज के गांव से होते हुए निकाला जाना है। इसके बाद में ये पूरा बाईपास रिंग रोड के रूप में बन जाएगा और भारी वाहन शहर से बाहर होकर ही दूसरे जिलों को आवागमन कर सकेंगे। ऐसा होने पर लोगों को जाम की समस्या से निजात दिलाने का पक्का इंतजाम हो जाएगा। इसे लेकर फरवरी 2020 में शासन को लोक निर्माण विभाग की ओर से पत्र भेजा गया था। हाल ही में राज्यमंत्री महेश गुप्ता ने मुख्यमंत्री योगी से मिलकर इसकी पैरवी की थी।
सपा सरकार में बना यह बाईपास उझानी रोड स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज के पास से बिल्सी, बिसौली, आंवला रोड को जोड़ते हुए बरेली हाईवे पर मिला है। इससे शहरवासियों को काफी हद तक जाम की समस्या से राहत मिली है। अब लोग दूसरे बाईपास की मांग कर रहे हैं। लोक निर्माण विभाग की ओर से लोगों की जरूरत को देखते हुए पिछली साल प्रस्ताव शासन को भेजा था, लेकिन कोरोना वायरस के प्रकोप की वजह से यह प्रस्ताव आगे नहीं बढ़ पाया है।
संक्रमण खत्म होने के बाद में अधिकारियों से लेकर जनप्रतिनिधियों ने इस ओर सक्रियता नहीं दिखाई। इसकी वजह यह प्रोजेक्ट अटक गया। इसको लेकर अब राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से व्यक्तिगत मुलाकात की है। कहा है कि बदायूं में एक ओर बाईपास की जरूरत है। इससे लोगों को काफी राहत मिलेगी।
18.50 किमी लंबा बनना है बाईपास
जिले में रिंग रोड के नाम प्रस्तावित दूसरा बाईपास 18.50 किमी लंबा होगा। यह करीब तीन अरब 23 लाख रुपये की लागत से तैयार होना है। इसके बनने से लोगों को काफी राहत मिलेगी। लोगों को कहना है बाईपास बनने के उस दिशा के गांवों के लोगों को भी काफी फायदा मिलेगा।
बरेली-मुरादाबाद, फर्रुखाबाद के लोगों को फायदा होगा
बदायूं जिले के लोगों के अलावा इस बाईपास के बन जाने से अन्य जिलों के लोगों को भी फायदा मिलेगा। इसमें बरेली, मुरादाबाद से फर्रुखाबाद, उसावां, शाहजहांपुर, पटियाली, एटा, आगरा के लोगों को भी फायदा होगा। वाहन बिना शहर में आए एक से दूसरे जिले जा सकेंगे।
बाईपास से लोगों को काफी सहूलियत मिली है। हमने पिछले दिनों मुख्यमंत्री से मुलाकात करके बाकी बाईपास बनवाकर शहर का रिंग रोड पूरा करने की मांग की थी। उन्होंने इस पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी थी। उम्मीद है कि इस दिशा में कोई बेहतर पहल होगी।
- महेश चंद्र गुप्ता, नगर विकास राज्यमंत्री
शहर में अभी एक बाईपास बना है। इससे लोगों को जाम से काफी राहत मिली है। ऐसे में दूसरा बाईपास बनाने की भी यहां पर जरूरत है। इसको लेकर पूर्व में प्रस्ताव भेजा जा चुका था। जल्द ही इसके पास होने की उम्मीद है।
- अमर सिंह, लोक निर्माण विभाग