उझानी (बदायूं)। नागरिकों को बेहतर सुविधा मुहैया कराने के लिए नगर पालिका परिषद ने करीब एक रोड रुपये की लागत से निर्माण कार्य और मिनी नलकूप लगवाने की स्वीकृति प्रदान की है। 15 सार्वजनिक स्थानों पर वाटर कूलर भी लगवाए जाएंगे। बहादुरगंज मोहल्ले में पेयजल सप्लाई के लिए एक स्थान पर पाइप लाइन भी बिछेगी।
नगर पालिका परिषद ने कई मोहल्लों में खस्ताहाल सड़कों का पिछले महीने सर्वे कराया था। अधिकतर मोहल्लों में 21 सड़कों को बनाने का प्रस्ताव तैयार हुआ। नई बस्तियों में भी सड़कें बनेंगी। पालिकाध्यक्ष पूनम अग्रवाल ने सदस्यों की सहमति के बाद करीब एक करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान की। ये सड़कें गंजशहीदा, श्रीनारायणगंज, बाजारकलां, साहूकारा, किलाखेड़ा, नझियाई, भर्राटोला और अहीरटोला आदि मोहल्लों से जुड़ी हैं। निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए पालिका ने अभिलेखीय कार्रवाई को भी अंतिम रूप दे दिया है। आधा दर्जन स्थानों पर सड़कों की मरम्मत भी होगी, पुलिया का निर्माण भी शामिल है।
इसके अलावा पेयजल सप्लाई को दुरुस्त रखने के लिए 10 नए इंडिया मार्का हैंडपंप, 15 सार्वजनिक स्थानों पर वाटर कूलर टैंक और मिनी नलकूप का निर्माण भी होगा। मिनी नलकूप से सीधे सप्लाई मुहैया कराई जाएगी। बहादुरगंज मोहल्ले में नई पाइप लाइन बिछाने को मंजूरी दी गई है। पालिकाध्यक्ष के मुताबिक- मच्छर जनित रोगों की रोकथाम के लिए नगर में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। खासकर मलिन बस्तियों पर पालिका का फोकस पहले से है। निर्माण कार्य अगले महीने शुरू होने की उम्मीद है।
-------
नगर पालिका परिषद ने करीब एक करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य शुरू कराने के लिए कार्रवाई पूरी कर ली है। टेंडरिंग की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। नागरिकों को बेहतर सुविधा मुहैया कराई जाएगी। साथ ही बकाया वसूली अभियान पर भी पालिका का जोर रहेगा।
- जेपी यादव, अधिशासी अधिकारी