बदायूं। बरेली से कासगंज जाने वाली ट्रेन में पावर कॉरपोरेशन के जेई को बिना टिकट यात्रा करते पकड़े जाने के बाद रेलवे स्टेशन की बिजली गुुल होने के मामले में रेलवे की ओर से अब तक पावर कॉरपोरेशन से कोई शिकायत नहीं की गई है। पावर कॉरपोरेशन के एक्सईएन प्रवेश कुमार का कहना है कि बिजली गुल होने संबंधी भी कोई शिकायत नहीं आई। हमारे किस जेई को बेटिकट पकड़ा गया, ये सूचना भी हमारे पास नहीं थी।
दरअसल, बुधवार रात बरेली से कासगंज जाने वाले ट्रेन 10:45 बजे बदायूं पहुंची थी। यहां चेकिंग के दौरान टीईटी पीके शुक्ला ने बिना टिकट यात्रा कर रहे चार लोगों को पकड़ लिया। चर्चा थी कि इनमें पावर कॉरपोरेशन के एक जेई भी शामिल थे। सभी से जुर्माना वसूला गया। इसके कुछ देर बाद स्टेशन और स्टेशन कॉलोनी की लाइट गुल हो गई। इसके बाद कहा गया कि जेई ने स्टेशन की लाइन काट दी। इधर, शुक्रवार को तीसरे दिन भी रेलवे की ओर से इस संबंध में कोई शिकायत पावर कॉरपोरेशन से नहीं की गई।
एक्सईएन पावर कॉरपोरेशन प्रवेश कुमार का कहना है कि अगर लाइट गुल हुई होती तो कोई तकनीकी खराबी रही होगी। अगर कोई जेई पावर कॉरपोरेशन का है और रेलवे ने उससे जुर्माना वसूला है तो रेलवे को उसके बारे में शिकायत करनी चाहिए। उन्होंने भी जेई का नाम जानने की कोशिश रेलवे अधिकारियों से की, लेकिन कुछ नहीं बताया जा रहा है। रेलवे की ओर से लाइन काटने संबंधी कोई शिकायत नहीं आई है। संवाद