बदायूं। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने लॉकडाउन के दौरान व्यापारियों पर दर्ज हुए मुकदमे वापस लेने की मांग उठाई है। इसी मांग को लेकर बुधवार को उद्योग व्यापार प्रतिनिधि के पदाधिकारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट दीपक कुमार के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन भेजा है।
उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने बुधवार को हुई बैठक में व्यापारियों की समस्याओं पर विचार विमर्श किया गया। जिलाध्यक्ष नवनीत गुप्ता शोंटू ने कहा कि कोरोना काल में सबसे ज्यादा नुकसान व्यापारियों का हुआ है। लॉकडाउन के दौरान काफी संख्या में व्यापारियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए। व्यापारी एक साल बाद भी कोर्ट-कचहरी के चक्कर लगा रहे हैं। इससे काफी नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन और महामारी एक्ट में व्यापारियों के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लिए जाने की घोषणा मुख्यमंत्री कर चुके हैं, लेकिन अभी तक मामले वापस नहीं लिए गए हैं।
प्रदेश मंत्री विमल रस्तोगी ने कहा कि सरकार को बिना देरी किए व्यापारियों पर दर्ज मामले वापस लेने चाहिए। कोरोना के दौरान व्यापारियों को जो नुकसान हुआ है उसके लिए सरकार को राहत पैकेज देना चाहिए। जिला महामंत्री पीके सक्सेना ने कोरोना काल के दौरान व्यापारियों के बिजली बिल माफ करने की मांग की।
बैठक के बाद प्रदेश मंत्री विमल रस्तोगी, जिलाध्यक्ष नवनीत गुप्ता शोंटू के नेतृत्व में व्यापारी नेताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट अमित कुमार को दिया। इस मौके पर युवा संगठन मंत्री सचिन सुर्यवंशी,नगर उपाध्यक्ष प्रखर सपरा, आईटी सेल संयोजक प्रख्यात सपरा, वारिश हुसैन, नगराध्यक्ष राजेश गुप्ता ,नगर महामंत्री अवधेश रघुवंशी, अमित महाजन, सोनू वर्मा, अमित वैश्य, अंशुल वैश्य, ध्रुव रस्तोगी आदि रहे।
बिसौली के व्यापारियों ने भी दिया ज्ञापन
बिसौली। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल नगर कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने लॉकडाउन के दौरान व्यापारियों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग की और मुख्यमंत्री ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में कहा गया कि लॉकडाउन 1 व 2 के दौरान दर्ज मुकदमों को योगी सरकार ने वापस लेने की बात कही है। बावजूद इसके पुलिस ने इन मुकदमों में चार्जशीट लगाकर न्यायालय को भेज दी। नगर अध्यक्ष कृष्ण अवतार शर्मा ने कहा कि लॉकडाउन के दौरान व्यापारियों की आर्थिक स्थिति वैसे ही खराब हो चुकी है। नगर महामंत्री धर्मेंद्र वार्ष्णेय ने कहा कि प्रदेश सरकार को तत्काल व्यापारियों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेना चाहिए। ज्ञापन देने वालों में व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष कृष्ण अवतार शर्मा, महामंत्री धर्मेंद्र वार्ष्णेय, कोषाध्यक्ष नरेंद्र दिवाकर, मोहित राज आदि व्यापारी मौजूद रहे।