बदायूं। ऐपुरा के राजदुलार हत्याकांड में पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में चार्जशीट दाखिल कर दी। आरोपियों ने मजदूरी के रुपये मांगने पर राजदुलार की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी थी। दो आरोपी दूसरे दिन पकड़े गए थे जबकि दो आरोपी पांचवें दिन गिरफ्तार करके जेल भेजे गए थे।
उघैती थाना क्षेत्र के गांव ऐपुरा में 17 मार्च की रात 40 वर्षीय राजदुलार की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई थी। दूसरे दिन सुबह उसका खेतों में शव पड़ा मिला था। उसके भाई चंद्रकेश का कहना था कि राजदुलार हिमाचल प्रदेश में मजदूरी करता था। उससे पहले वह पंजाब में मजदूरी करता था। इस दौरान उसके गांव के रामपाल ने राजदुलार से अपने ठेके में मजदूरी कराई थी, जिसके 15000 रुपये रामपाल ने नहीं दिए थे। 17 मार्च की शाम राजदुलार ने अपने वही रुपये मांगे थे। इसको लेकर शाम के समय दोनों पक्षों में काफी झगड़ा हुआ था। उस दौरान मोहल्ले वालों ने उन्हें समझाबुझाकर शांत करा दिया था लेकिन रात के समय जब राजदुलार उनके खेत पर पहुंचा तो आरोपियों ने मिलकर उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस पर चंद्रकेश ने रामपाल, राजेश, हरज्ञान और विजय के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। इसमें 18 मार्च को रामपाल और विजयपाल पकड़े गए और 21 मार्च को राजेश व हरज्ञान को गिरफ्तार करके जेल भेजा गया था। तब से पुलिस लगातार इसकी विवेचना कर रही थी।
अब इसमें पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है। इसमें आरोपियों से बरामद लाठी-डंडों को साक्ष्य बनाया गया है। शाम के समय मारपीट के दौरान मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों को गवाह बनाया गया है। एसओ राजेश कौशिक ने बताया कि इसमें चार्जशीट लगा दी गई है।