बदायूं। सरकारी जमीनों पर कब्जे के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। प्रत्येक संपूर्ण समाधान दिवस पर जमीनों से जुड़े 30 से अधिक मामले पहुंचते हैं। शनिवार को सदर तहसील में आयोजित समाधान दिवस में चकरोड, ग्राम समाज, खलियान की भूमि से जुड़ी राजस्व विभाग की 31 शिकायतेें पहुंचीं। डीएम अवनीश राय ने जमीनों के मामलों में कड़ा रुख अपनाया है, उन्होंने कहा कि जमीन को कब्जा मुक्त कराया जाएगा।। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
शनिवार को सदर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम अवनीश राय और एसएसपी अंकिता शर्मा ने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ पीड़ितों की शिकायतें सुनीं। डीएम ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में शिकायतकर्ता की संतुष्टि का विशेष ध्यान रखें। शासन स्तर से भी निस्तारण की गुणवत्ता के संबंध में फीडबैक लिया जा रहा है। अधिकारी शिकायतों को गंभीरता से लें। औपचारिकता पूरी करने के बजाय उनका उचित समाधान करें।
संपूर्ण समाधान दिवस में कादरचौक ब्लॉक के ललुआ नगला गांव में दो बीघा ग्राम समाज की जमीन पर कब्जे का मामला सामने आया। इस पर डीएम ने तहसील और पुलिस के अधिकारियों को मौके पर जाकर जांच करने, अवैध कब्जा हटवाने और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ललुआ नगला निवासी अमर सिंह ने शिकायत की कि गांव में ग्राम समाज की दो बीघा जमीन पर कुछ लोगों ने घूरा डालकर कब्जा कर रखा है। आरोप है कि विरोध करने पर दबंगई दिखाई जाती है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई करने के निर्देश दिए। समाधान दिवस में राजस्व विभाग की 31, पुलिस 3, विद्युत निगम 4, ब्लॉक, सीडीपीओ, समाज कल्याण एवं नगर पालिका की 1-1 व अन्य 2 शिकायतों सहित 44 शिकायती पत्र पहुंचे। चार का मौके पर निस्तारण किया गया। इस दौरान एसडीएम श्रीसांई आश्रित शाखमुरी आदि मौजूद रहे।
मोबाइल पर शॉपिंग करते दिखे अधिकारी
संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम, एसएसपी सहित अन्य उच्चाधिकारी फरियादियों की शिकायतों को सुनकर उनका निस्तारण कर रहे थे। वहीं, दूसरी ओर सभागार में मौजूद पुलिस से लेकर अन्य विभाग के तमाम अधिकारी अपने-अपने मोबाइलों में व्यस्त दिखे। कोई मोबाइल में ऑनलाइन शॉपिंग की वेबसाइट खोलकर दिवाली ऑफर में जूता देख उसे खरीदने में व्यस्त दिखा था तो कोई रील देखकर समय पास करते नजर आया।
पूर्वाह्न 11 बजे के करीब संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंच गया था, लेकिन डीएम नहीं आए, उनका इंतजार किया। बताया कि कुछ लोगों ने रास्ता बंद कर दिया है। इसके समाधान के लिए यहां आए हैं, लेकिन कोई राहत नहीं मिली। - रामपाल, बरामालदेव
मेरी भूमि पर कुछ लोगों ने कब्जा कर रखा है। लेखपाल, कानूनगो, तहसील स्तरीय अधिकारियों से मिल चुका हूं, समस्या वैसे की वैसे ही है। इसको लेकर डीएम से शिकायत करने के लिए आए हैं। - अशरफ अली, ककराला
बिल्सी में 26 शिकायतें, एक का भी निस्तारण नहीं
बिल्सी। तहसील परिसर में शनिवार को उपजिलाधिकारी गौरव आर्य ने संपूर्ण समाधान दिवस में सुनवाई की। 26 शिकायतें आई, लेकिन एक भी शिकायत का निस्तारण नहीं हुआ। शिकायतों में सबसे अधिक मामले राजस्व विभाग से संबंधित रहे। नगर पालिका और विद्युत निगम से जुड़ी समस्याएं भी सामने आईं। ग्रामीण क्षेत्रों से जमीन की पैमाइश, अवैध कब्जे और सरकारी भूमि पर निर्माण की शिकायतें भी पहुंचीं।
एसडीएम गौरव आर्य ने अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस मौके पर सीओ आलोक सिद्धू, तहसीलदार प्रभा सिंह, नायब तहसीलदार बदन सिंह यादव समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। संवाद
रामपाल