बदायूं। शादी समारोह में दावत खाने के बाद घर लौट रहे सपा जिला उपाध्यक्ष मोतशाम सिद्दीकी के भतीजे जमीली के ऊपर अचानक बिजली का गला हुआ पोल गिर गया, जिससे जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। साथ में दूसरी बाइक से चल रहे दोस्त उन्हें लेकर जिला अस्पताल गए तो डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसका पता लगने पर अस्पताल में भीड़ जमा हो गई। देर रात परिवार के लोग शव को बिना कार्रवाई साथ ले गए।
शहर से सटे आरिफपुर नवादा निवासी 25 वर्षीय जमीली नवादा तिराहे के पास ही जनसेवा केंद्र के संचालक थे। जमीली अपने साथियों आफताब और परवेज के साथ सरताज प्रधान के यहां शादी की दावत में गए थे। रात सवा नौ बजे वह खाना खाकर घर लौट रहे थे। जमीली अकेले अपनी बाइक पर थे तो आफताब व परवेज दूसरी बाइक पर पीछे एकदूसरे से बात करते हुए चल रहे थे। अचानक नवादा तिराहे से आंवला मोड़ की ओर गला हुआ बिजली का पोल जोरदार आवाज के साथ सड़क पर गिर गया। बाइक पर चल रहे जमीली के सिर पर पोल गिरा तो झटके से गर्दन एक ओर झूल गई।
आफताब और परवेज कुछ समझ पाते, इससे पहले जमीली की सांसों की डोर टूट गई। हालांकि दोनों साथियों ने हिम्मत करके उन्हें पोल के नीचे से निकाला और अपनी बाइक पर बीच में लेकर जिला अस्पताल की ओर दौड़ पड़े। यहां डॉ. जीके गुप्ता ने जमीली को मृत घोषित कर दिया। थोड़ी ही देर में जमीली के चाचा मोतशाम सिद्दीकी मौके पर पहुंच गए। परिवार के तमाम लोग आ गए। महिलाओं की चीखें गूंज रही थीं। थोड़ी देर में परिवार के लोग बिना कार्रवाई शव साथ ले गए।
नवादा इलाके की बिजली गुल
पोल गिरने के साथ ही स्पार्किंग हुई और इसके साथ चिंगारियां निकलीं। इसके साथ ही नवादा इलाके की बिजली गुल हो गई। सड़क पर यातायात भी थम गया। हालांकि पुलिस ने वाहनों को साइड से निकलवाना शुरू कर दिया। बिजली विभाग के लोग काफी देर तक मौके पर नहीं आए। पुलिस ने ही कॉल करके सप्लाई बंद कराकर पोल साइड में कराया। देर रात बिजली विभाग के अफसरों ने भी कॉल रिसीव करना बंद कर दिया।