उझानी (बदायूं)। घर से गोबर डालने के लिए निकली युवती को सड़क पार करते समय तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। गुस्साए परिजन ने हाईवे पर जाम लगाने की कोशिश की। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने गुस्साए लोगों को समझाकर शांत किया और शव कब्जे में ले लिया। अज्ञात कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
हादसा शुक्रवार सुबह बदायूं-मेरठ हाईवे पर हुआ। कस्बे से सटे गांव कुड़ा नरसिंहपुर निवासी पूनम (21) पुत्री नवल किशोर घर से पशुओं का गोबर डालने के लिए सिर पर पल्ला रखकर निकली। सड़क पार करते समय पीछे से उसे तेज रफ्तार कार ने चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही वह उछलकर सड़क पर जा गिरी, उसके ऊपर से कार का पहिया उतर गया। पूनम की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों ने दौड़ कर कार को घेरने की कोशिश की लेकिन चालक कार को लेकर भाग गया। मृतका के परिवार के लोग वहां पहुंच गए और शव के पास ही हाईवे घेरकर बैठ गए। उन्होंने वाहनों को भी आगे नहीं निकलने दिया। कुछ देर लिए जाम भी लग गया।
जानकारी पाते ही पुलिस फोर्स के साथ मौके पर प्रभारी निरीक्षक बिजेंद्र सिंह पहुंचे। मृतका के परिजन से हादसे के बारे में जानकारी ली। लोगों को समझाकर उन्होंने शव को कब्जे में ले लिया।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि अज्ञात कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। इधर, मृतका के भाई आकाश ने बताया कि दो बहनों में पूनम सबसे बड़ी थीं। पूनम ने इंटर तक की पढ़ाई कर ली थी। परिवार के लोगों ने पूनम की शादी के लिए वर की खोजबीन शुरू कर दी थी लेकिन अचानक हादसे में धूमधाम से शादी करने के अरमान अधूरे रह गए। पुलिस ने अज्ञात कार और उसके ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है। संवाद