फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दुर्गा प्रतिमा विसर्जित करते फिरोजाबाद के चार लोग गंगा में बहे

विज्ञापन
कछला (बदायूं) में गंगा नदी में डूबे लोगों की तलाश करते लोग। संवाद - फोटो : BADAUN
विज्ञापन
बदायूं। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए आए फिरोजाबाद निवासी चार लोग शुक्रवार को कछला घाट पर गंगा के गहरे पानी में बह गए। हादसा तब हुआ जब यह लोग प्रतिमा को लेकर पैदल ही गंगा में गहराई की ओर बढ़ गए। मौके पर इनके दो साथियों को बहने से बचा लिया गया। शाम ढले तक पुलिस और गोताखोर, मोटरबोट की मदद से इन लोगों की गंगा में तलाश कर रहे थे।
विज्ञापन

फिरोजाबाद के नारठी थाने के बचगांव निवासी करीब 15 लोग शुक्रवार दोपहर कछला के गंगा घाट पर दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन करने आए थे। शाम साढ़े चार बजे यह लोग गहरे पानी में प्रतिमा लेकर पहुंचे। अचानक छह लोग गहरे पानी में डूबने लगे। इस पर इनमें से दो लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। जबकि 45 वर्षीय दीपक गुप्ता, 21 वर्षीय राहुल शर्मा उर्फ रामू, 17 वर्षीय कुणाल शर्मा पुत्र ब्रजेश और 15 वर्षीय भोला पुत्र सीके शर्मा गहरे पानी में बह गए। शाम तक पुलिस और गोताखोर इनकी तलाश में जुटे थे।
-
- चार लोग गंगा में बह गए हैं। यह लोग गहरे पानी में नहाते वक्त बहे हैं। मूर्ति विसर्जन की पुष्टि नहीं हुई है। तलाश की जा रही है। गोताखोरों के साथ ही पुलिस की टीम भी लगाई गई है। परिवार को सूचना दे दी गई है।
विज्ञापन

- प्रवीण सिंह चौहान, एसपी सिटी
--
गंगा में बहे लोगों की तलाश में लगाई डेढ़ सेक्शन पीएसी और 60 गोताखोर
बदायूं। शुक्रवार को गंगा में बहे फिरोजाबाद के चारों श्रद्धालुओं का देर रात तक कुछ पता नहीं चल सका। अंधेरा होने के कारण रात आठ बजे सर्च अभियान रोक दिया गया। इसके बावजूद पुलिस प्रशासनिक अधिकारी गंगा घाट पर जमे रहे। गंगा में बहे श्रद्धालुओं की तलाश में डेढ़ सेक्शन पीएसी और 60 गोताखोरों को लगाया गया है। शनिवार सुबह सर्च अभियान फिर शुरू किया जाएगा।
शुक्रवार को कछला गंगा घाट पर बदइंतजामी देखने को मिली। इस दौरान घाट पर न कोई बैरिकेडिंग थी न ही पुलिस मौजूद थी। बताते हैं कि जब घटना हुई तब कछला चौकी पुलिस ग्रामीणों को इकट्ठा करके पीस कमेटी की मीटिंग कर रही थी। पुलिस को सूचना मिली कि फिरोजाबाद के चार लोग गंगा में बह गए हैं। तब कहीं चौकी पुलिस मौके पर पहुुंची और तलाशी अभियान शुरू कराया।
इधर प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्गा प्रतिमा को विसर्जन करने के लिए फिरोजाबाद के छह लोग गंगा में आगे बढ़ रहे थे कि इसी दौरान अचानक गहरा गड्ढा आ गया और सभी लोग पानी की तेज धार में बहने लगे। इनमें से फिरोजाबाद के थाना नारखी के गांव बचगांव निवासी गुड्डू और शिवम को लोगों ने हाथ पकड़कर खींच लिया। जबकि इसी गांव के दीपक गुप्ता, कुनाल शर्मा, उसका चचेरा भाई भोला और रामू तेज धार में बह गए।
बताते हैं कि जिस जगह ये हादसा हुआ, वहां पहले से खनन होता आया है। इससे गहरे गड्ढे हो गए हैं। अगर पुलिस मौके पर मौजूद होती तो शायद यह हादसा बच सकता था। सूचना पर एसडीएम सदर लालबहादुर, एसपी सिटी प्रवीन सिंह चौहान, सीओ उझानी गजेंद्र कुमार श्रोत्रिय और इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार भी पहुंच गए।
--
पिकअप में डीजे बांधकर लाए थे श्रद्धालु
फिरोजाबाद जिले के थाना नारठी के बचगांव निवासी निशांत ने बताया कि नवरात्र में उनके गांव के मंदिर पर दुर्गा प्रतिमा को विराजमान किया गया था। यह कार्यक्रम पूरे गांव का था। विसर्जन में पूरा गांव नहीं आ सकता था। इससे गिनेचुने पंद्रह लोग ही एक ऑटो और एक पिकअप में से आए थे। पिकअप में दुर्गा प्रतिमा रखी थी और उसी में डीजे बांध लिया था।
-
सींचपाल के पद पर कार्यरत है रामू
बचगांव निवासी रामू के पिता की मृत्यु हो चुकी है। उनके पिता सींचपाल थे। इससे रामू को मृतक आश्रित के पद पर सींचपाल की नौकरी मिली है। फिलहाल उनके गंगा में बहने की सूचना परिवार वालों को दे दी गई है। परिवार वाले आ रहे हैं।
-
कछला गंगा घाट पर फिरोजाबाद के करीब पंद्रह लोग गंगा स्नान करने आए थे। ये लोग स्नान के वक्त काफी अंदर चले गए। इस समय गंगा में पानी का बहाव भी ज्यादा है। इससे चार लोग बह गए। उनकी तलाश को गोताखोर और पीएसी लगा दी गई है।
विज्ञापन

-दीपा रंजन, डीएम
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें