उझानी (बदायूं)। उझानी में तेज रफ्तार कार ने एक बाइक में टक्कर मार दी। इसमें बाइक सवार ग्राम देवरमई निवासी धीरेंद्र की मौत हो गई। इस हादसे में दो लोग घायल हो गए।
खाना खाकर दोस्तों के साथ अपने गांव लौट रहे युवक को तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया। टक्कर लगते ही बाइक उछलकर दो राहगीरों से भिड़ गई। बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के दोस्त भागकर घर पहुंचे और परिवार के लोगों को अवगत कराया। इसे लेकर तड़के तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
यह हादसा बुधवार रात पौने 11 बजे कृषि विज्ञान केंद्र के पास हुआ। उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव देवरमई निवासी धीरेंद्र (45) पुत्र मिश्रीलाल ने पिछले दिनों एक ट्रैक्टर खरीदा। इस खुशी में धीरेंद्र अपने तीन दोस्तों के साथ उझानी स्थित होटल पर खाना खाने गया था। वहां से चारों दो बाइक पर अपने घर लौट रहे थे। तभी धीरेंद्र की बाइक में सामने से आई कार ने टक्कर मार दी। इसमें गंभीर चोटें आने से धीरेंद्र की मौके पर मौत हो गई। टक्कर लगने के बाद उछलकर दूर जा गिरी, जिसकी चपेट में आकर घर के बाहर टहल रहे नझियाई मोहल्ला निवासी शमीउद्दीन (55) और अब्दुल माजिद (47) घायल हो गए। हादसे के बाद दो दोस्त मौके से घर भाग गए। उनकी सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक पुलिस धीरेंद्र और उसके दोनों साथियों को उठाकर ले जा चुकी थी। इसके बाद परिजन जिला अस्पताल पहुंचे तो शव देखकर बुरी तरह बिलख पड़े।
उधर, हादसे के बाद दोस्तों के मौके पर से भाग जाने पर धीरेंद्र के पिता मिश्रीलाल ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने धीरेंद्र की मौत में उसके दोस्तों का हाथ होने का शक जताते हुए तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक विशाल प्रताप सिंह के मुताबिक इसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।