इंटरमीडिएट और हाईस्कूल परिणामों में उन्नाव जिले का नाम प्रदेश में रौशन करने वाली प्रतिभाओं को जिला प्रशासन शिक्षा का ब्रांड एंबेसडर बनाने की तैयारी कर रहा है।
सहायक श्रमायुक्त ने इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर शिक्षा विभाग सहित जिलाधिकारी को भेजा है।
जिले के पोखरी गांव की रहने वाली मनु सिंह ने इंटरमीडिएट में प्रदेश मेरिटमें पहला स्थान प्राप्त किया तो सहिला गांव की कामिनी चौधरी ने हाईस्कूल में प्रदेश चौथा स्थान पाया।
अभाव में पली-बढ़ीं इन दोनों प्रतिभाओं की सफलता से जिले के छात्र-छात्राओं में उत्साह का माहौल बना है। विकास और शिक्षा के क्षेत्र में पिछड़े इस जिले में छात्र-छात्राओं की प्रेरणा बनीं इन छात्राओं को प्रशासन जिले का शिक्षा ब्रांड एंबेसडर बनाएगा।
सहायक श्रमायुक्त शमीम अख्तर ने बताया कि इन छात्राओं को शिक्षा का ब्रांड एंबेसडर बनाए जाने के लिए उन्होंने जिलाधिकारी और शिक्षा विभाग को प्रस्ताव बनाकर भेजा है।
उन्होंने बताया कि ब्रांड एंबेसडर बनने पर प्रशासन और एनजीओ इन छात्राओं की उच्च स्तर की शिक्षा को प्रायोजित करेगा।
होर्डिंग और पोस्टर पर भी नाम
सहायक श्रमायुक्त ने बताया कि ब्रांड एंबेसडर बनने पर इन छात्राओं के होर्डिंग और हर विद्यालय में पोस्टर लगाए जाएंगे। इनकी सफलता की कहानी छात्र-छात्राओं को सुनाई जाएगी।