आजीविका मिशन की महिलाएं तैयार करेंगी पौध
धामपुर। ब्लाक के प्रभारी खंड विकास अधिकारी दीनदयाल सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की महिलाएं विभिन्न प्रजातियों की पौध तैयार करेंगी। इन पौधों को विकास विभाग खरीद कर मनरेगा श्रमिकों से जुलाई में पौधरोपण कराएगा।
विकास विभाग की ओर से बृहस्पतिवार को ब्लॉक के ड्वाकरा हाल में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत चार कलस्टरों के पदाधिकारियों की बैठक हुई। प्रभारी बीडीओ ने बताया कि सरकार की मंशा है कि महिलाओं को पहले से और आत्मनिर्भर बनाया जाए। इसके लिए सरकार की ओर से जुलाई में होने वाले पौधरोपण अभियान से महिलाओं को जोड़ा गया है। बताया गया कि मिशन की महिलाओं की ओर से तैयार नर्सरी से पौधों को खरीदा जाएगा। नर्सरी के लिए बीज की व्यवस्था कृषि विभाग की ओर से कराई जाएगी। जिन महिलाओं के पास जमीन नहीं है, उन महिलाओं को ठेके पर जमीन उपलब्ध कराने का जिम्मा ग्राम सभाओं को दिया गया है।
महिलाओं को तो केवल विभिन्न प्रजातियों कीपौधों की नर्सरी तैयार करनी है। बताया गया कि धामपुर ब्लाक में 1005 स्वयं सहायता समूह है। इन समूहों में करीब 11 हजार महिलाएं काम करतीं हैं। जिन्हें इससे काफी लाभ हो सकता है। बैठक में राजकुमार, सानूमति, पूनम सागर, विवेक कुमार, जितेंद्र कुमार, जिला मिशन प्रबंधक शिवकरन सिंह, जिला रिसोर्स पर्सन मणि सिंह रहे।