बिजनौर में एक व्यक्ति ने दूसरी शादी कर ली, जिससे आहत उसकी पत्नी ने गंगा में कूदकर जान देने का इरादा जाहिर किया। महिला ने बिजनौर बैराज पहुंच कर इस संबंध में वीडियो भी बनाई। जिसमें पुलिस पर उसके मामले में कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। हालांकि, पुलिस महिला की ओर से ससुरालियों के खिलाफ दर्ज कराए केस में आरोप पत्र दाखिल कर चुकी है। उधर, महिला के ससुरालियों ने भी परिवाद दर्ज कराया था।
सोमवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। एक मिनट 26 सेकेंड के वीडियो में एक महिला बिजनौर बैराज पर मौजूद दिखाई दे रही है, जोकि कह रही है कि वह बहुत परेशान है। गंगा में कूदकर मरने जा रही है। पुलिस की लाश निकाल कर ले जाए। महिला कह रही है कि उसका पति एक लड़की को भगाकर ले गया है। पुलिस उसकी कोई सुनवाई नहीं कर रही है।