जो निकला जिस ओर, वही हुआ रंगों से सराबोर
धामपुर। धामपुर में होली का हुड़दंग मंगलवार को दूसरे दिन भी जोरों पर रहा। हुलियारों का सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक नगर की सभी प्रमुख सड़कों, तिराहों और चौराहों पर कब्जा रहा। हुलियारों को सड़क पर जिस भी ओर से जो भी व्यक्ति आता नजर आया, उसे ही रंगों से सराबोर कर डाला। कई स्थानों पर हुलियारों और लोगों के बीच में नोकझोंक भी हुई।
मंगलवार को नगर में रंग महोत्सव का दूसरा दिन रहा। दोपहर दो बजे तक युवकों की टोलियों ने लोगों को जमकर रंगों से सराबोर किया। चारों ओर हुलियारों का ही हुड़दंग नजर आया। नगर के मुख्य बाजार में रंग की बरसात के कारण पूरी तरह से सन्नाटा पसरा रहा। भगत सिंह चौक, खारी कुआं, टीचर्स कालोनी, पुराना धामपुर, नगीना चौक, रोडवेज बस डिपो, रेलवे स्टेशन के बाहर हुलियारे ड्रम में भरे रंग के साथ मिले। इनके हाथों में लंबी-लंबी पिचकारियां थीं। जो दूर तक रंग बरसा कर लोगों को सराबोर कर रहे थे। स्कूल कालेज जाने वाले छात्र-छात्राओं को किसी प्रकार बचकर निकलना पड़ा। भगत सिंह चौक पर हुलियारों की ओर से रंग से भरे गुब्बारे भी फेंके जा रहे थे। इस दौरान बचाव के चक्कर में दो बाइक सवार सड़क पर गिरने से घायल हो गए।
शेरकोट चुंगी पर रंग को लेकर दो पक्षों में नोकझोंक हो गई। बताया जा रहा है कि जब हुलियारे रंग बरसा रहे थे तो कुछ लोग बीमार व्यक्ति को लेकर डाक्टर के पास जा रहे थे। इन लोगों ने हुलियारों ने रंग न डालने का आग्रह किया पर हुलियारे नहीं माने। जिसको लेकर दोनों ओर से काफी देर तक नोकझोंक हुई। बाद में अन्य लोगों के बीच में आने से मामला शांत हुआ। उधर पुलिस प्रशासन की ओर से मंगलवार को नगर में कई स्थानों पर 17 व 18 मार्च को नगर में आदर्श होली हवन समिति की ओर से निकलने वाले ऐतिहासिक जुलूस में शांति व्यवस्था को लेकर लोगों के साथ बैठक की।