अवैध कब्जा न रोके जाने पर धर्म परिवर्तन की चेतावनी
बिजनौर। किरतपुर के मोहल्ला मालियान निवासी एक परिवार ने उनकी जमीन पर अवैध कब्जा होने का आरोप लगाते हुए कलक्ट्रेट में धरना दिया। परिवार ने न्याय न मिलने पर धर्म परिवर्तन की चेतावनी दी है।
धरने पर बैठे बुद्धू सिंह ने बताया कि उनका एक वाद न्यायालय परगनाधिकारी नजीबाबाद के यहां विचाराधीन है। उसमें उन्होंने डिक्री परिवर्तन की मांग की है। उसमें जो अंतिम डिक्री बनी है उसमें जयप्रकाश को और उसे दर्शाया गया। लेकिन भूलवश उसकी खसरा नंबर गलत लिख दिया गया है। इसका फायदा उठाते हुए एक व्यक्ति ने अपनी आराजी में से कुछ भूमि का बैनामा कई लोगों के नाम कर दिया। ये लोग उसकी आराजी की जमीन पर जबरन कब्जा करना चाहते हैं। कहा कि उसने संशोधन के लिए प्रार्थना पत्र दिया है। बुद्धू सिंह ने प्रशासन से संशोधन न होने तक प्रदीप अग्रवाल, अंकित रस्तोगी, ऋषभ भटनागर आदि को कब्जा कराने से रोकने की मांग की है। ऐसा न होने पर परिवार सहित धर्म परिवर्तन की चेतावनी दी है। संवाद