हरेवली-बिरलाफार्म मार्ग पर पैदल चलना भी है दूभर
बिजनौर, अफजलगढ़। शिवभक्तों के लिए इस बार भी पिछले सालों की तरह से हरेवली-बिरलाफार्म मार्ग पर राह आसान नहीं होगी। यह मार्ग पूरी तरह से क्षतिग्रस्त है। शोर मचाने के बाद किसी ने मार्ग की सुध नहीं ली। इस मार्ग से हजारों की संख्या में कांवड़िये बम भोले के जयकारे लगा गंतव्यों को जाते हैं। अभी तक प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की इस तरफ किसी का ध्यान नहीं है। मार्ग में गड्ढों की भरमार है।
लोगों ने विभागीय अधिकारियों से मार्ग निर्माण कराने की मांग की है। इस मार्ग पर दुपहिया वाहनों को आवागमन बाधित रहता है। हर समय यहां पर दुर्घटना का भय बना रहता है। कांवड़ यात्रा के दौरान इस मार्ग पर नुकीले पत्थरों में चलना मुश्किल होगा। नगर के विकास जैन, दीपक गुप्ता, शंकर सिंघल, सचिन जैन, हेमेंद्र कुमार मार्ग को शीघ्र दुरुस्त कराने की मांग की है।
मार्ग बदहाल, जल्द बनें
व्यापारी संजय लोहिया का कहना है कि अफजलगढ़ हरेवली मार्ग बीते ढाई दशक से जर्जर हालत में है, जिसके कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़ियों को यहां से गुजरने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसे जल्द बनाया जाना चाहिए।
गड्ढामुक्त कराने की मांग
रोबिन अग्रवाल का कहना है कि 21 फरवरी को महाशिवरात्रि है। अभी तक अफजलगढ़ बिरला फार्म रोड की मरम्मत तो दूर अनेक बार शिकायत करने के बावजूद इसको विभागीय अधिकारियों द्वारा गड्ढा मुक्त कराने की दिशा में कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने मार्ग को गड्ढामुक्त कराने की मांग की है।
बड़ी संख्या में मार्ग से गुजरते हैं कांवड़िये
मुकेश अग्रवाल का कहना है कि इस मार्ग पर हजारों की संख्या में कांवड़िये गुजरते हैं। बार-बार मांग के बावजूद भी मार्ग नहीं सही कराया गया।
किसी ने नहीं सुनी
शरद कर्णवाल का कहना है कि शिकायत करने के बाद भी किसी ने सुनवाई नहीं की, जबकि प्रदेश के सीएम को सड़कों को गड्ढामुक्त कराने का आदेश हैं।
यह प्रशासन की अनदेखी का कमाल
आकाश अग्रवाल का कहना है कि यह सब प्रशासन की अनदेेखी का कमाल है। प्रशासन चाहता तो यह मार्ग कभी का पक्का बन गया होता है।