ग्राम सचिव ड्यूटी से मिले नदारद
मंडावली/नजीबाबाद। गांव पंचायत हसनपुर में निरीक्षण करने पहुंचे ब्लॉक प्रमुख तपराज सिंह को ग्राम सचिव अपनी ड्यूटी से नदारद मिले। ब्लॉक प्रमुख ने फोन किया तो ग्राम सचिव का फोन बंद मिला। यह दूसरी मर्तबा हुआ कि ब्लॉक प्रमुख को ग्राम सचिव अपनी ड्यूटी पर नहीं मिले। ब्लॉक प्रमुख में इस संबंध में बीडीओ से लिखित शिकायत की।
ब्लॉक प्रमुख तपराज सिंह द्वारा प्रत्येक ग्राम पंचायत में ग्रामीणों की समस्याएं सुनने और उनके निस्तारण कराने के लिए ग्राम सचिवों की ड्यूटी लगाई गई है। ब्लॉक प्रमुख तपराज सिंह ने बृहस्पतिवार को ग्राम पंचायत हसनपुर पहुंचे तो उन्हें ग्राम सचिव जितेंद्र सिंह अपनी ड्यूटी पर नहीं मिले। पंचायतघर पर उपस्थित ग्रामीणों ने ब्लॉक प्रमुख से ग्राम सचिव की शिकायत की, जिस पर ब्लॉक प्रमुख ने ग्राम सचिव को फोन किया तो उनका मोबाइल बंद मिला। ब्लॉक प्रमुख को दूसरी बार ग्राम सचिव जितेंद्र सिंह अपनी ड्यूटी पर नहीं मिले, जिससे नाराज ब्लॉक प्रमुख तपराज सिंह ने बीडीओ से शिकायत कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। उधर, ब्लॉक प्रमुख तपराज सिंह ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय हसनपुर का निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्य अध्यापक नजमुल रहमान को अधूरे पड़े दिव्यांगों के लिए शौचालय का निर्माण 10 दिनों के भीतर कराने का आश्वासन दिया।