नजीबाबाद के ड्वाकरा हॉल में प्रधान और बीडीसी को संबोधित करते ब्लॉक प्रमुख।
- फोटो : NAZIBABAD
विकास के लिए आंदोलन करेंगे ग्राम प्रधान और बीडीसी सदस्य
नजीबाबाद। ब्लॉक प्रमुख तपराज सिंह ने निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित ग्राम पंचायत सचिवों के खिलाफ कार्रवाई न होने पर जल्द खंड कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन शुरू करने की घोषणा की। ग्राम प्रधानों और बीडीसी सदस्यों ने भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पंचायतों में सचिवों के उपस्थित न रहने का आरोप लगाया।
ड्वाकरा हॉल में ब्लॉक प्रमुख तपराज सिंह की अध्यक्षता में ग्राम प्रधानों और बीडीसी सदस्यों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्राम पंचायत सचिवों की कार्य प्रणाली पर चिंता व्यक्त की गई। उन्होंने अनुपस्थित ग्राम पंचायत सचिवों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई न होने पर रोष व्यक्त किया। उन्होंने पंचायत सचिव के स्थानांतरण के बाद दो माह तक कार्यभार ग्रहण न करने और पुन: स्थानांतरण रुकवाने के लिए पंचायत सचिवों के प्रशासन पर हावी होने का आरोप लगाया। सर्वसम्मति से 15 दिसंबर के बाद व्यवस्थाओं को पटरी पर लाने के लिए विरोध आंदोलन चलाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में सीडीएस विपिन रावत की मौत पर दो मिनट का मौन रखा गया। बैठक में अंकित गिरी, कुलदीप सिंह, भूपेंद्र सिंह, लड्डू सिंह, धर्मवीर सिंह, राजेंद्र सिंह, साबुद्दीन, सत्यपाल सिंह सहित अनेक ग्राम प्रधान और बीडीसी सदस्य उपस्थित रहे।