दस बसें डिपो पर पहुंची, संचालन की व्यवस्था नहीं
धामपुर। धामपुर डिपो पर रोडवेज द्वारा अनुबंधित दस बसें भेजी गईं हैं। लेकिन परिचालकों के पास यात्रियों के टिकट बनाने के लिए पर्याप्त मशीनें ही नहीं हैं। जिस कारण बसों का संचालन सही प्रकार से नहीं हो पा रहा है।
रोडवेज के धामपुर डिपो में बसें तो हैं, लेकिन संसाधन उपलब्ध नहीं हैं। रोडवेज की ओर से अनुबंधित दस बसें और दी गईं हैं। जब तक संविदा परिचालकों को दो दर्जन से अधिक टिकट बनाने की इलेक्ट्रॉनिक मशीनों की व्यवस्था नहीं कराई जाती है तब तक आवंटित की गई दस अनुबंधित रोडवेज की बसों का संचालन हो पाना संभव नहीं है। स्टेशन प्रभारी लोकेंद्र सिंह ने इस व्यवस्था को पूरा कराने को क्षेत्रीय प्रबंधक मुरादाबाद को पत्र लिखकर मांग की है। बताया गया कि जब व्यवस्था हो जाएगी। बसों का संचालन शुरू हो सकेगा।
गौरतलब है कि धामपुर डिपो पर निगम की ओर से दस और नई अनुबंधित बसों को भेजा गया है। यह सभी बसें नहटौर मार्ग पर एसडीएम तिराहे के पास पेट्रोल पंप परिसर में खड़ी हैं। इन बसों का संचालन होना तभी संभव हो सकेगा। जब परिचालकों और टिकटों को काटने की मशीनों की पर्याप्त व्यवस्था हो जाएगी।
स्टेशन के प्रभारी लोकेंद्र सिंह का कहना है कि पहले से ही डिपो पर 12 से ज्यादा परिचालक और मशीनें कम है। अब और दस बसों को आवंटित कर दिया है। जब उनके पास संसाधन ही नहीं है। तो बसों को चल पाना संभव नहीं होगा। पहले डिपो पर 56 बसें संचालित होती थीं। अब इनमें से दो बसें खराब होने से 54 बसों का संचालन किया जा रहा है। बताया गया कि नई दस बसों को यहां भेजने से पहले मांग के अनुरूप संसाधनों की व्यवस्था करनी चाहिए थी। इसके लिए उनके स्तर से पत्र लिखकर संसाधन व्यवस्थित करने की मांग की गई है। जब व्यवस्था बन जाएगी तो बसों का संचालन होगा।