सड़क की चौड़ाई कम होने पर हंगामा, निर्माण रुकवाया
बिजनौर। यूं तो पक्के मार्ग का निर्माण सड़क के बीचोबीच किया जाना था, लेकिन साठगांठ हावी हो गई। ठेकेदार और ब्लॉक के अधिकारियों की मनमानी के चलते कॉलोनी के लोगों की सुनवाई भी नहीं हुई। सड़क की चौड़ाई 4 फुट कम करते हुए एक प्रॉपर्टी डीलर को 100 वर्ग मीटर जमीन का लाभ पहुंचा दिया गया, जिसे लेकर कॉलोनीवासियों में रोष है। लोगों ने विरोध कर सड़क का निर्माण फिलहाल रुकवा दिया और ठेकेदार एवं कुछ भूखंड मालिकों के बीच साठगांठ का आरोप लगाया है। वहीं सीडीओ ने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
बिजनौर में बैराज मार्ग स्थित जनक विहार कॉलोनी में मनरेगा के तहत सीसी मार्ग का निर्माण किया जा रहा है। कालोनी में रहने वाले उदयवीर सिंह, पूजा, बलजीत सिंह, बीना सिंह, गौरव सिंह, आलोक कुमार और कोकिल बालियान आदि लोगों का आरोप है कि मौके और कागजों में सड़क की चौड़ाई 30 फुट है। अब सीसी मार्ग बनाया जाने लगा तो सड़क की चौड़ाई 26 मीटर कर दी गई। सड़क के पूरब दिशा में दीवार करते हुए सड़क की हदबंदी भी कर दी गई है। लोगों का कहना है कि अगर सड़क को 26 मीटर चौड़ा ही बनाया जाना था तो दोनों तरफ बराबर खाली जगह छोड़नी थी। आरोप लगाया कि सड़क के बराबर में खाली पड़े एक भूखंड के स्वामी को फायदा पहुंचाने के मकसद से सड़क को एक तरफ बनाया जा रहा है और चौड़ाई 4 फुट कम कर दी गई। जिससे उक्त भूखंड के स्वामी को 100 वर्ग मीटर जगह रास्ते की मिल जाएगी। एक बार पक्की सड़क का निर्माण हो गया तो बाद में रास्ते की जमीन को खाली भी नहीं कराया जा सकेगा। चौधरी चरण सिंह का कहना है कि इस मामले को डीएम से लेकर सीडीओ के समक्ष उठाया गया, फिर भी कोई निदान नहीं हो सका है। ठेकेदार और ब्लॉक के अधिकारी मनमानी कर रहे हैं। उक्त भूखंड के स्वामी को फायदा पहुंचाने के मकसद से सड़क का रुख एक तरफ कर दिया गया है। सीडीओ केपी सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
निर्माण सामग्री डाल बंद कर दिया गया रास्ता
जनक विहार कॉलोनी के रहने वाले उदयवीर सिंह ने बताया कि ठेकेदार ने 3 दिन पहले निर्माण सामग्री को रास्ते के बीचों बीच डाल दिया, जिससे उनकी गाड़ी कॉलोनी में फंस गई है। बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं है। उन्हें ड्यूटी जाना था तो किराए की गाड़ी लेकर जाना पड़ा। कई अन्य लोगों की गाड़ी भी कॉलोनी से बाहर नहीं आ पा रही है। रास्ते में निर्माण सामग्री पड़ी है।