यूपी बोर्ड : नौवीं का परीक्षा पैटर्न बदला, मॉडल पेपर जारी
बिजनौर। शासन ने यूपी बोर्ड की कक्षा नौ की परीक्षा का पैटर्न बदल दिया है। छात्रों को कक्षा नौ के हर विषय का प्रारूप बदला हुआ मिलेगा। नई शिक्षा नीति के अंतर्गत यह व्यवस्था चालू शिक्षा सत्र से ही लागू हो गई है। बोर्ड ने छात्रों को पेपर प्रारूप की जानकारी देने के लिए विभिन्न विषय के मॉडल पेपर जारी किए हैं।
प्रदेश के सभी बोर्ड के स्कूलों में वर्तमान शिक्षा सत्र से नई शिक्षा नीति लागू हो गई है। यूपी बोर्ड के स्कूलों में पढ़ाई की व्यवस्था बदली है। पाठ्यक्रम में बदलाव के बाद अब परीक्षा का पैटर्न बदला गया है। प्रथम चरण में पेपर पैटर्न बदला गया है। कक्षा नौ के विभिन्न विषय के पेपर अब पिछले साल से अलग आएंगे।
जिले में 387 माध्यमिक विद्यालय हैं। जिनमें करीब पचास हजार छात्र-छात्राएं हाईस्कूल में हैं। बोर्ड ने कक्षा नौ के विद्यार्थियों को पेपरों के नये प्रारूप की जानकारी देने के लिए विषयवार मॉडल पेपर जारी किए हैं। नये प्रारूप में 20 अंक के बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे। जिनके जवाब छात्रों को ओएमआर शीट पर देने हैं। मॉडल पेपर में यह भी बताया गया है कि हर पेपर में कितने सवाल, कितने अंक के होंगे। हर पेपर में कुल खंड एवं उपखंड की जानकारी भी मिलेगी। छात्रों को मॉडल पेपर से यह भी पता चलेगा कि कितने प्रश्न अनिवार्य हैं। कितने प्रश्नों में विकल्प मिलेगा।
बोर्ड ने परीक्षा में ओएमआर शीट पर उत्तर देने का प्रावधान पहली बार किया है। इसलिए बोर्ड ने विद्यालयों को ओएमआर शीट का प्रारूप भी भेजा जा रहा है। विद्यालयों की छात्रों को सवालों के जवाब ओएमआर शीट में भरने की जानकारी देने की जिम्मेदारी है। डीआईओएस राजेश कुमार ने बताया कि मॉडल पेपर प्रारूप बोर्ड से प्राप्त हो गया है। मॉडल विद्यालयों को भेजा जा रहा है ।