प्रदेश शासन ने शामली जिले के पुलिस अधीक्षक अभिषेक का स्थानांतरण कर उन्हें बिजनौर जिले का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। बिजनाैर जनपद में पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन को तबादला हो गया है, जिन्हें एसपी हरदोई बनाया गया है जबकि शामली एसपी रहे अभिषेक को बिजनौर की जिम्मेदारी दी गई है। आम और खास में फर्क नहीं समझने वाले आईपीएस नीरज कुमार जादौन के ट्रांसफर से आम लोगों के बीच मायूसी है।
2015 बैच के आईपीएस नीरज कुमार जादौन ने साल 2023 में 14 मार्च को बिजनौर एसपी का कार्यभार संभाला था। 16 महीनों के कार्यकाल में एसपी नीरज कुमार जादौन ने ईमानदार पुलिस अफसर के तौर पर जिले में पहचान हासिल की। सुनवाई और कार्रवाई के चलते लोगों के बीच एसपी नीरज कुमार जादौन आम लोगों के बीच लोकप्रिय हो गए थे।
नीरज कुमार जादौन के नेतृत्व में ही कुख्यात आदित्य राणा का खात्मा हो सका। उधर अगर रसूखदारों ने कानून की धज्जियां उड़ाई तो एसपी कार्रवाई करने से कभी नहीं चूके।
इतना ही नहीं सड़क निर्माण कंपनी के मिक्सिंग प्लांट पर आगजनी के मामले में भाजपा विधायक अशोक राणा और उनके समर्थकों को कोई रियायत नहीं दी गई थी, उनके खिलाफ भी केस दर्ज हुआ और इस कांड में शामिल छह लोगों को भेज दिया था। थानों में भ्रष्टाचार पर भी एसपी का खूब चाबुक चला।
आठ पुलिसकर्मियों को रिश्वत लेने के आरोप में जेल भेजा गया। जिसके चलते पुलिसकर्मियों में कार्रवाई का खौफ बना हुआ था। यही वजह रही कि पुलिस कर्मी रिश्वत लेते हुए भी डरने लगे थे। साथ ही लापरवाही बरतने में करीब 110 पुलिसकर्मियों को निलंबन भी झेलना पड़ा।
इसके अलावा विभागीय कार्रवाई किए जाने का आंकड़ा भी काफी रहा। अब एसपी नीरज कुमार जादौन का तबादला हरदोई के लिए कर दिया है। जबकि शामली में तैनात रहे आईपीएस अभिषेक को बिजनौर एसपी बनाया गया है।
रामसेवक होंगे शामली के नए एसपी
शासन ने पुलिस अधीक्षक अभिषेक का स्थानांतरण कर उन्हें बिजनौर जिले का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। शामली में उनका कार्यकाल दो साल 17 दिन रहा है। इनके स्थान पर शासन ने पुलिस कमिश्नरेट कानपुर नगर के पुलिस उपायुक्त रामसेवक गौतम को पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक ने 27 जून 2022 को शामली जिले का कार्यभार संभाला था। इससे पहले वे गौतमबुद्ध नगर में करीब डेढ़ वर्ष तक पुलिस उपायुक्त के पद पर तैनात रहे थे। 2015 बैच के आईपीएस अधिकारी अभिषेक बिहार के जिला कटिहार के मूल निवासी है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक का शामली जिले का कार्यकाल दो वर्ष 17 दिन रहा है। शनिवार को शासन ने पुलिस अधीक्षक अभिषेक का स्थानांतरण कर बिजनौर का पुलिस अधीक्षक बनाया है। इनके स्थान पर पुलिस कमिश्नरेट कानपुर नगर के पुलिस उपायुक्त रामसेवक गौतम को शामली का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया है। बताया गया है कि वे रविवार को शामली पहुंचकर कार्यभार ग्रहण करेंगे।