शिव मंदिर के पास अग्रवाल ज्वेलर्स में की गई वारदात
आरोपी कैमरे में कैद, पुलिस ने मामले की जांच शुरू की
संवाद न्यूज एजेंसी
नूरपुर(बिजनौर)। कस्बे के शिव मंदिर चौक के पास अग्रवाल ज्वेलर्स की दुकान से ग्राहक बनकर आए एक ठग ने करीब सात लाख के सोने के आभूषण चोरी कर लिए। चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश सोलंकी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
शनिवार को बाइक सवार दो युवक शिव मंदिर के पास पहुंचे। इनमें से एक युवक ने अग्रवाल ज्वेलर्स की दुकान में ग्राहक बनकर सोने के आभूषण देखने शुरू किए। उसका साथी चौराहे के पास बाइक पर खड़ा रहा। दुकान स्वामी राजीव अग्रवाल के पुत्र विदित अग्रवाल को बातों में लगाते हुए ग्राहक बने युवक ने हाथ की अंगुलियों से करीब 110 ग्राम वजन के सोने के आभूषण चोरी कर कपड़ों में छिपा लिए। इसके बाद दुकान से बाहर आकर दूसरे साथी के साथ फरार हो गया।
चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे कैमरों में कैद हो गई। देर शाम दुकान में लगे सीसीटीवी टीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तो पूरा घटना क्रम साफ हो गया। सीओ राजेश सोलंकी ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच निरीक्षण किया। साथ ही दुकान स्वामी की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है।